Bankipur by-election: बांकीपुर उपचुनाव के लिए कल मतदान होना है। चुनाव से पहले प्रचार का शोर भले ही थम चुका हो, लेकिन नेताओं द्वारा बयानबाजी और दावों का सिलसिला जारी है। इस बीच जदयू नेता राजीव रंजन ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, किसी भी चुनाव में जब अनेक उम्मीदवार नामांकन करते हैं, तो नतीजे आने तक वे उम्मीदवार तो हैं। दरअसल कहीं भी या कोई त्रिकोणीय मुकाबला नहीं है।

राजीव रंजन ने कहा कि, बांकीपुर उपचुनाव में केवल एकतरफा मुकाबला है। उन्होंने बताया कि, नतीजे विकास के पैमाने पर आएंगे। लोगों का विश्वास भाजपा और NDA के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को मिलेगा।

तेजस्वी के बयान का कोई आधार नहीं- राजीव रंजन

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि, मैं नहीं समझता हूं कि उनके बयान का आधार क्या है। वे अभी तो अपनी विदेश यात्रा से लौटे हैं। उन्हें खुद के होने का एहसास दिलाना है। राज्य सरकार ने अपने दायित्वों को समझा है। 64 जो मामले छात्रों के खिलाफ दायर हुए हैं, उन सभी को वापस लेने का निर्णय हुआ। हर जिले में इसकी प्रति भेजी जा चुकी है। आज से रिहाई शुरू हो रही है।

तेजस्वी ने किया जीत का दावा

राजद ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए महिला उम्मीदवार रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। कल मंगलवार को तेजस्वी ने रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो किया और लोगों से उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं, आज बुधवार को उन्होंने रोड शो की कुछ तस्वीरों को सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, बांकीपुर के रोड शो में उमड़ा अभूतपूर्व जनसमर्थन, मोहब्बत उत्साह और सहयोग बता रहा है कि अब लालटेन के पक्ष में बदलाव की आवाज बुलंद हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि, राजद ने बांकीपुर उपचुनाव में महिला को प्रत्याशी बनाया है। केवल नारों व भाषणों में महिला सशक्तिकरण की खोखली बातें करने वाले, अमन शांति और सौहार्द विरोधी भाजपाइयों को जनता कड़ा सबक सिखाएगी।

कल 30 जुलाई को होगा मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए कल 30 जुलाई को मतदान होना है। भाजपा से नीरज सिन्हा, राजद से रेखा गुप्ता और जन सुराज से प्रशांत किशोर मैदान में हैं। इनके अलावा कई अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं। हालांकि इन तीन उम्मीदवारों के बीच ही कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- Gen-Z को ‘गटर जनरेशन’ कहने पर बवाल, रोहिणी आचार्य ने कंगना को घेरा