कुंदन कुमार, पटना। जदयू नेता और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार आज बुधवार (15, जुलाई) को पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पहले से मौजूद लोगों की शिकायत व समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया। जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, लोग अपनी समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंचे, जिनका समाधान किया गया है।
बांकीपुर में होगी एनडीए की जीत- निशांत कुमार
वहीं, बांकीपुर उपचुनाव से जुड़े एक सवाल के जवाब में निशांत कुमार ने कहा कि, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए के प्रत्याशी की जीत होगी। इस क्षेत्र में विकास का काम हुआ है, जिससे आम जनता काफी खुश है। वहीं, एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, सरकारी अस्पताल का लगातार निरीक्षण हम करेंगे और जहां जो खामी होगी, उसको ठीक करने का काम करेंगे।
निष्कासित छोटू सिंह को वापस लाने की मांग

बता दें कि आज जदयू कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी पहुंचे थे, जिन्होंने प्रदर्शन करते हुए पार्टी द्वारा 6 साल के लिए निष्कासित किए गए छोटू सिंह को जदयू में वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि, छोटू सिंह जिन्होंने 25 साल से पार्टी की सेवा की है, उसे पार्टी से बाहर निकाल दिया गया है, जो कि गलत है। नीतीश जी के हनुमान छोटू सिंह को पार्टी में वापस लाना चाहिए।
पार्टी ने 6 साल के लिए किया है निष्कासित
गौरतलब है कि जदयू ने पूर्व महासचिव छोटू सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पूर्व महासचिव के खिलाफ यह कार्रवाई की है। निष्कासित छोटू सिंह नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष भी थे, सरकार ने उस पद से भी उन्हें हटा दिया है। इसे लेकर जदयू के कार्यकर्ताओं में रोष है और वे छोटू सिंह को फिर से पार्टी में वापस लाने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार में उच्च शिक्षा को मिली नई उड़ान, CM सम्राट ने 211 डिग्री कॉलेजों का किया शुभारंभ

