अतीश दीपंकर, भागलपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बुधवार (15, जुलाई) को भागलपुर के गोराडीह में नवस्थापित डिग्री कॉलेज, कासिल परिसर से राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि, आज का दिन बिहार के लिए गौरव का दिन है। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिससे प्रत्येक प्रखंड के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, बिहार की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है तथा अगले एक वर्ष के भीतर विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुज़फ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय तथा भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए०आई०) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही बिहार में चार नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बिहार की समृद्धि का सबसे बड़ा आधार बनेगी और राज्य को ज्ञान एवं नवाचार का केंद्र बनाएगी।
30 नवंबर तक चालू होगा विक्रमशिला
इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु को 30 नवंबर तक हर हाल में पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा, जिससे लाखों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भागलपुर में लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। यहां उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
प्रवासी मजदूरों से बिहार लौटने की अपील
सीएम ने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने राज्य लौटें और बिहार की समृद्धि एवं विकास में सहभागी बनें। राज्य सरकार उन्हें उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक भूमि, बिजली और पानी जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी के अलावा दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर समेत कई बड़े अधिकारी और नेता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- JDU कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, छोटू सिंह की वापस पार्टी में लाने की मांग

