कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान अपने अंतिम चरण में हैं। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज शनिवार (25, जुलाई) को सुबह-सुबह पटना पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत अन्य नेताओं उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। वोटिंग से पहले नितिन नबीन का यह पटना दौरा काफी अहम माना जारा है।

पार्टी नेताओं के साथ नितिन नबीन की बैठक

मिली जानकारी के अनुसार नितिन नबीन पटना दौरे पर आज पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बैठक करेंगे। इस बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, मतदान प्रतिशत बढ़ाने की रणनीति और अंतिम दौर के चुनाव प्रचार की समीक्षा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान नितिन नबीन सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे होने और इस दौरान सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों की समीक्षा करेंगे, जिसके आधार पर इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और बांकीपुर उपचुनाव के लिए रणनीति तैयार करेंगे।

बीजेपी के प्रतिष्ठा का सवाल बना उपचुनाव

गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष बनने से पहले नितिन नबीन बांकीपुर सीट से लगातार 5 बार के विधायक रह चुके हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद ही यह सीट खाली हुई है, जिसपर 30 जुलाई को मतदान हो रहा है। ऐसे में बांकीपुर का यह सीट एक सीट नहीं बल्कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और सीएम सम्राट चौधरी के साथ-साथ पार्टी की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।

मैदान में स्टार प्रचारकों ने संभाला मोर्चा

बांकीपुर उपचुनाव का रण जीतने के लिए बीजेपी ने स्टार प्रचारकों की फौज भी मैदान में उतार चुकी है। भोजपुरी अभिनेता और भाजपा सांसद मनोज तिवारी, एमएलसी पवन सिंह ने विधानसभा क्षेत्र में रैली और जनसभाएं कर भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील कर रहे हैं। उनके रैलियों में काफी भीड़ भी देखने को मिल रही है।

30 जुलाई को होना है मतदान

गौरतलब है कि 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होना है। उपचुनाव में भाजपा के नीरज सिन्हा, जन सुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। फिलहाल सभी दल अपने-अपने प्रत्याशी के समर्थन में जोर-शोर से प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- ‘नेता प्रतिपक्ष के लायक नहीं राहुल’, बीजेपी नेता रामकृपाल यादव का बड़ा बयान