Bihar News: दिल्ली में जंतर मंतर पर 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बड़ा आरोप लगाया है। राहुल ने कल शुक्रवार को मीडिया को संबोधित करते हुए यह दावा किया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन चलाया गया है। इस दौरान उन्होंने एक घायल छात्र (साहिल) का भी मुद्दा उठाया और मंच से ही उसे लगी चोट के निशान को दिखाते हुए यह दावा किया कि साहिल के चेहरे पर दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन से हमला किया, जिससे उसकी एक आंख से कुछ नहीं दिखाई दे रहा है।
नेता प्रतिपक्ष के योग्य नहीं राहुल- रामकृपाल यादव
राहुल गांधी के इस बयान पर बिहार में भी बयानबाजी शुरू हो गई है। बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि, राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के योग्य नहीं हैं। आजादी के बाद कांग्रेस का जो इतिहास रहा है, उसको सब जानते हैं। सभी लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के कार्य, उनकी नीतियों पर विश्वास है। उन्होंने कहा कि, NEET पेपर लीक के मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी इसको लेकर गंभीर हैं। छात्रों के हितों में सभी काम किए जाएंगे।
छात्रों के बहाने अपनी राजनीति चमका रहे राहुल- शाहनवाज हुसैन
वहीं, भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि, राहुल गांधी राजनीति करना चाहते हैं, वे मुद्दा विहीन हैं। वे छात्रों के कंधे पर चढ़कर अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। वे एक्सपोज हो चुके हैं। राहुल गांधी जिस तरीके से गैर जिम्मेदाराना हरकत कर रहे हैं, विपक्ष के नेता से इस तरह की उम्मीद नहीं है।
क्या होता है पैलेट गन?
आपको बता दें कि पैलेट गन एक ऐसा हथियार है, जिसका आमतौर पर इस्तेमाल हिंसक प्रदर्शन, दंगे या उग्र भीड़ को नियंत्रित करने और तितर-बितर करने के लिए किया जाता है। इसे एक घातक हथियार नहीं माना जाता है। हालांकि पैलेट गन चलाते समय उससे निकलने वाले छर्रे शरीर के संवेदनशील हिस्सों, खासकर आंख, चेहरे या सिर पर लगने पर गंभीर चोट पहुंचा सकते हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा सड़क हादसा: NH-19 पर टूरिस्ट बस और टैंकर की टक्कर, तमिलनाडु के 23 यात्री घायल


