अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां, आज शनिवार की सुबह-सुबह शिवसागर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग- 19 पर टूरिस्ट बस तथा टैंकर में टक्कर होने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में टूरिस्ट बस में सवार लगभग 23 लोग घायल हो गए। घायलों में 11 महिलाएं हैं। वहीं, 10 से अधिक लोगों को गंभीर चोट लगी है।
घायलों में मची चीख-पुकार
हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं, घायलों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि सबसे गनीमत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की कोई जनहानी नहीं हुई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची NHAI की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तमिलनाडु के रहने वाले हैं सभी घायल टूरिस्ट
मिली जानकारी के अनुसार सभी घायल वाराणसी से टूरिस्ट बस पर सवार होकर गयाजी जा रहे थे। इसी दौरान शिवसागर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक तेल टैंकर के पीछे से बस की टक्कर हो गई। सभी घायल तमिलनाडु के तिरुपुर के रहने वाले हैं। यह लोग वाराणसी से घूम कर गयाजी जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बस हादसे का शिकार हो गई।
ये भी पढ़ें- बिहार बंद आज: पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी, 70 हजार से अधिक जवानों की तैनाती


