कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव से पहले जनसुराज को बड़ा झटका लगा है। दरअसल आज बुधवार (15 जुलाई) को चुनाव से पहले बिट्टू सिंह, केसी सिन्हा और गोपाल सिंह ने जन सुराज का साथ छोड़ते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नेताओं को सदस्यता दिलाई और पार्टी में उनका स्वागत किया।

जनसुराज से लड़े थे पिछला विस चुनाव

बता दें की बीजेपी में शामिल होने वाले जनसुराज के तीनों नेता बिट्टू सिंह, केसी सिन्हा और गोपाल सिंह पिछले साल नवंबर में हुए बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। बिट्टू सिंह और केसी सिन्हा ने तो पटना से ही चुनाव लड़ा था। इन सभी नेताओं के पार्टी में शामिल होने से बांकीपुर विधानसभा में भाजपा का हाथ और मजबूत होगा।

कायस्थ उम्मीदवार नीरज सिन्हा को मिलेगी मजबूती

बता दें कि केसी सिन्हा जिनका गणित का किताब भी आता है, पिछले विधानसभा में कुम्हरार विधानसभा से चुनाव लड़े थे। कायस्थ जाति से आने वाले केसी सिन्हा को 15 हजार वोट मिला था। बांकीपुर विधानसभा में भी उनका अच्छा खासा प्रभाव है, ऐसे में उनके भाजपा में शामिल होने से कायस्थ उम्मीदवार नीरज सिन्हा को भी काफी मजबूती मिलेगी। भाजपा ने केसी सिन्हा को अपने पाले में लाकर एक बड़ा काम किया है, वहीं, दूसरी ओर बांकीपुर से चुनौती दे रहे प्रशांत किशोर को तगड़ा झटका देने का भी काम किया है।

30 जुलाई को होना है मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, जिसके लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा, जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता समेत 57 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिसमें से नामांकन पत्र जांच के बाद जजद की वीणा मानवी समेत 18 उम्मीदवारों का पर्चा खारिज कर दिया गया है। ऐसे में अब बचे 39 प्रत्याशियों के बीच बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला होगा। बता दें कि चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- ‘तो इस लायक भी नहीं रहते तेजस्वी’, बांकीपुर उपचुना को लेकर मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान