अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जदयू विधायक और बिहार सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार आज बुधवार (15 जुलाई) को सासाराम पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान बांकीपुर उपचुनाव को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, राजद जैसी पार्टियों को तो जनता पिछले विधानसभा चुनाव में ही पूरी तरह से रिजेक्ट कर चुकी है।
‘तो विपक्ष के नेता के लायक भी नहीं रहते तेजस्वी’
मंत्री श्रवण कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला और कहा कि, मात्र एक सीट से वह अपनी विपक्ष की कुर्सी बचा रहे हैं। नहीं तो जनता उन्हें अगर एक सीट कम देती तो वह विपक्ष के नेता के लायक भी नहीं रहते। बांकीपुर के उपचुनाव में तेजस्वी यादव पर निष्क्रिय होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि, मतदाता मालिक ने पहले ही इन विपक्षी पार्टियों को रिजेक्ट कर दिया है।
बांकीपुर उपचुनाव जीतने का किया दावा
वहीं, उपचुनाव को लेकर श्रवण कुमार ने कहा कि, बांकीपुर एनडीए की बहुत पुरानी सीट है और वहां लगातार हम लोग चुनाव जीते रहे हैं। ऐसे में इस बार भी हमारी जीत तय है। क्योंकि हमारा काम बोलता है। हर जाति-धर्म के लोग सरकार की सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम एनडीए के पक्ष में ही आएगा। उन्होंने कहा कि, विपक्ष के लोगों को एक बार फिर निराशा हाथ लगेगी।
30 जुलाई को होना है मतदान
गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, जिसके लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत 57 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिसमें से नामांकन पत्र जांच के बाद जजद की वीणा मानवी समेत 18 उम्मीदवारों का पर्चा खारिज कर दिया गया है। ऐसे में अब बचे 39 प्रत्याशियों के बीच बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला होगा। बता दें कि चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- ‘मुझे फर्स्ट आना है’, नीरज सिन्हा ने PK और रेखा गुप्ता को चुनौती मानने से किया इंकार

