करनाल, 2 सितंबर। हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया बुधवार दोपहर बाद करनाल के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचीं। यहां उन्होंने विद्युत निगम के सोनीपत सर्कल के निलंबित अधीक्षक अभियंता गीतू राम तंवर की मौत के मामले में प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
बंतो कटारिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले से जुड़ी कागजी कार्रवाई में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी गंभीरता के साथ की जानी चाहिए।

सेक्टर-9 स्थित आवास पहुंचकर परिवार से मिलीं
अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद बंतो कटारिया सेक्टर-9 स्थित गीतू राम तंवर के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिवार के सदस्यों को इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।
इससे पहले पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के दुख में शामिल होने और परिवार से मिलने के लिए करनाल आई हैं। उन्होंने गीतू राम तंवर को अपने समाज से जुड़ा बताते हुए कहा कि वे उनके लिए छोटे भाई के समान थे।

ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान करनाल की मेयर रेणु बाला गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त डा. राहुल रईया, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण लाठर, डीएमपी मीना कुमारी और कल्याण अधिकारी कृष्णा भारद्वाज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



