बराड़ा के करनाल कॉलोनी लूटकांड में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि लूट की साजिश मास्टरमाइंड विक्की ने रची थी और हथियार भी उसी ने उपलब्ध कराए थे।

अनिल शर्मा, अंबाला। करनाल कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड दलीप उर्फ विक्की अभी भी फरार है और लूट में इस्तेमाल किया गया हथियार भी उसी ने उपलब्ध करवाया था। ज्ञात हो कि 26 मई को तीन बदमाशों ने घर में अकेली बुजुर्ग महिला विद्या देवी से पिस्तौल के बल पर सोने के जेवर लूट लिए थे। विरोध करने पर हमलावरों ने महिला को घायल कर दिया था, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त हो गया था।

सहारनपुर जेल में रची गई साजिश

जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी दलीप उर्फ विक्की और ऋतिक की मुलाकात सहारनपुर जेल में हुई थी, जहां उन्होंने लूट की यह पूरी योजना तैयार की थी। दलीप पूर्व में बराड़ा क्षेत्र में रह चुका था, इसलिए उसे इलाके की बारीकियों की पूरी जानकारी थी। आरोपियों ने घर की काफी देर तक रेकी की और जैसे ही घर के बाहर खड़ी कार वहां से हटी, उन्होंने मौका देखकर घर में धावा बोल दिया। सीआईए नारायणगढ़ की टीम ने 3 जून को बराड़ा फ्लाईओवर के नीचे मुठभेड़ के दौरान उधम और ऋतिक को गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में दोनों के पैरों में गोली लगी थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के बाद रिमांड पर लिया गया है।

रिमांड बढ़ाने की तैयारी जारी है

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि लूटे गए सोने के कंगन और बालियां फिलहाल मास्टरमाइंड विक्की के पास ही हैं। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ऋतिक और उधम दोनों पर पहले से ही उत्तर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार दलीप उर्फ विक्की के खिलाफ भी रंगदारी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब रविवार को आरोपियों को अदालत में दोबारा पेश कर रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी, ताकि विक्की को जल्द गिरफ्तार कर लूटे गए जेवरों की बरामदगी की जा सके। थाना प्रभारी ने जनता से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधियों को पकड़ा जा सके।