उपमंडल अधिकारी बराड़ा सतीन्द्र सिवाच ने नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली है। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था प्रभावी बनाने, बेसहारा पशुओं को गौशाला भेजने और मैरिज सर्टिफिकेट की लंबित फाइलों को निपटाने के निर्देश दिए।
अनिल शर्मा, अंबाला। उपमंडल अधिकारी बराड़ा सतीन्द्र सिवाच ने बुधवार को नगर पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, जनसुविधाओं एवं विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा जहां भी सफाई कार्य में कोई कमी शेष है, उसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
सफाई व्यवस्था की समीक्षा
एसडीएम ने कहा कि नगर क्षेत्र में कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए। बैठक के उपरांत उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई संतोषजनक रहे।
बेसहारा पशुओं पर कार्रवाई
उन्होंने शहर में बेसहारा घूम रहे पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अभियान चलाने तथा ऐसे पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर पालिका के अधीन आने वाली सड़कों पर स्थित पुलियों एवं नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे।
लंबित फाइलों का निपटान
एसडीएम ने नगर पालिका से संबंधित विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मैरिज सर्टिफिकेट से संबंधित लंबित फाइल का शीघ्र निपटान करने तथा आमजन के कार्य बिना अनावश्यक विलंब के पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर क्षेत्र में समय-समय पर निरीक्षण कर अवैध कब्जों की पहचान कर नियमानुसार उन्हें हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में नगर पालिका के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

