बराड़ा । हरियाणा के बराड़ा में इस बार भी दशहरा महोत्सव को लेकर उत्साह चरम पर है। दुनिया भर में अपने विशालकाय रावण के पुतलों के लिए मशहूर बराड़ा में इस वर्ष 120 फुट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण किया जा रहा है। महोत्सव की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मैदान पर कारीगर दिन-रात मेहनत करके पुतले को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। हालांकि जगह की कमी के चलते पिछले कुछ समय से पहले जैसे अत्यधिक विशाल पुतले नहीं बन पा रहे हैं, फिर भी 120 फीट की ऊंचाई वाला यह पुतला दर्शकों के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा।
तीन दिनों तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
दशहरा कमेटी के सदस्य अमरपाल ने बताया कि इस वर्ष का दशहरा महोत्सव तीन दिनों तक धूमधाम से मनाया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान कई तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलेगा। इसके अलावा रंगारंग मंचन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए कमेटी के सभी सदस्य और स्थानीय लोग मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं।
20 अक्टूबर को होगा रावण दहन, समाजसेवी अरुण गोयल दबाएंगे रिमोट
इस भव्य तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण 20 अक्टूबर को होने वाला रावण दहन होगा। इस विशेष अवसर पर समाजसेवी अरुण गोयल रिमोट का बटन दबाकर 120 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन करेंगे। बराड़ा के रावण के पुतलों का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है, और यहां के पुतलों का नाम पांच बार लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है। यही वजह है कि इस ऐतिहासिक दहन को देखने के लिए दूर-दूर से लोग बराड़ा पहुंचते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

