अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के कैरु स्थित बाबा मुंगीपा एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स स्कूल में शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने शहीद राजेश कुमार की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि दी और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के साहस व बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की एक विशेष सैनिक टुकड़ी और गांव के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

‘शहीदों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर’

महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि शहीद राजेश कुमार जैसे वीरों का सर्वोच्च बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। सैनिक कड़ाके की ठंड और चिलचिलाती धूप की परवाह किए बिना सीमाओं की रक्षा करते हैं। उनके साहस और समर्पण के कारण ही देशवासी अपने घरों में सुरक्षित रह पाते हैं।

उन्होंने कहा कि शहीद किसी एक परिवार या गांव के नहीं होते। उनका बलिदान पूरे देश की धरोहर है। शहीद राजेश कुमार की प्रतिमा का अनावरण करना उनके लिए गर्व की बात है।

युवाओं से राष्ट्रसेवा की अपील

श्रुति चौधरी ने कहा कि देशभक्ति से जुड़े ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करते हैं। युवाओं को शहीदों के जीवन-मूल्यों और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर देश के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने शहीद राजेश कुमार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। परिसर में देशभक्ति के नारे भी लगाए गए। आयोजन में व्यवस्था प्रबंधक सौरभ ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और अमर शहीदों के सम्मान में नारे लगाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m