अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के भिवानी में 59वीं अंडर-15 और अंडर-17 स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप के तीसरे दिन शुक्रवार को युवा खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले हुए। हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से करीब 800 लड़के और लड़कियां हिस्सा ले रहे हैं। अंडर-15 सिंगल्स में सोनीपत के कुणाल और गुरुग्राम की नव्या ने अपने मुकाबले जीते।

अर्जुन अवॉर्डी रोहित भाकर ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

प्रतियोगिता का आयोजन भिवानी की बजरंग बली कॉलोनी स्थित बर्डी बैडमिंटन अकादमी में बैडमिंटन वेलफेयर एसोसिएशन भिवानी की ओर से किया जा रहा है। तीसरे दिन डेफ ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और अर्जुन अवॉर्डी रोहित भाकर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। वह पंचकूला बिजली बोर्ड में स्पोर्ट्स ऑफिसर हैं।

रोहित भाकर ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती हैं। साथ ही, ये दूसरे युवाओं को भी खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

अंडर-15 सिंगल्स में कुणाल और नव्या ने जीते मुकाबले

लड़कों के अंडर-15 सिंगल्स मुकाबले में सोनीपत के कुणाल ने सिरसा के गगनदीप को हराया। अंबाला के लक्षित ने यमुनानगर के रणविजय को कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। गुरुग्राम के श्लोक ने रोहतक के हरमन को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

लड़कियों के अंडर-15 सिंगल्स में गुरुग्राम की नव्या ने सिरसा की हर्षिता को हराया। पानीपत की यशस्वी ने कुरुक्षेत्र की लक्षिता को और फरीदाबाद की तृषा धीमान ने हिसार की भाविका खराबा को शिकस्त दी।

अंडर-17 वर्ग में भी हुए कड़े मुकाबले

लड़कों के अंडर-17 सिंगल्स में रोहतक के जयवर्धन हुड्डा ने यमुनानगर के हितेश सैनी को हराया। फरीदाबाद के सूर्य अग्रवाल ने तीन सेट तक चले मुकाबले में हिसार के समर्थ भारद्वाज को शिकस्त दी।

लड़कियों के अंडर-17 सिंगल्स में पंचकूला की भावना ने यशिका देशवाल को हराया। झज्जर की गोरी ने मेजबान भिवानी की रिया को और रोहतक की खुशी ने परिकांक्षा को मात दी।

प्रदेशभर के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

बैडमिंटन वेलफेयर एसोसिएशन भिवानी के प्रधान प्रो. सुरेश गुप्ता और महासचिव सतवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। तीसरे दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने कोर्ट कवरेज, स्मैश और रणनीति के दम पर अच्छा प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर मनोज ओहलन, मितेश शर्मा, महेश सिंहमार, महेश कोच, शुभम, विक्की नेहरा और नितेश शर्मा सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m