यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के बलाचौर गांव में शुक्रवार सुबह टायरों से तेल निकालने वाली फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज करीब 3 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के समय फैक्ट्री में लगभग 25 मजदूर मौजूद थे। दो लोग झुलस गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। आग बुझाने के लिए दमकल की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

धमाके से हिला कमरा, बाहर निकले तो दिखीं लपटें

फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर हरबंस और लेखराज के मुताबिक, वे सुबह फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में मौजूद थे। करीब 11 बजे अचानक तेज धमाका हुआ। इससे उनका कमरा हिल गया। दोनों बाहर निकले तो फैक्ट्री से आग की लपटें उठ रही थीं।

मजदूरों ने आशंका जताई कि गैस बैलून फटने से धमाका हुआ। हालांकि, आग लगने और धमाके के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दो लोग झुलसे, ट्रक और टायर जले

हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी महेश और एक ट्रक ड्राइवर झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

आग की चपेट में आने से फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ट्रक पूरी तरह जल गया। वहां रखे बड़ी संख्या में टायर भी जल गए। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, लेकिन वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं हुआ है।

करीब 3 घंटे तक आग बुझाने की कोशिश

धमाके और आग की सूचना मिलते ही पुलिस तथा प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की 7 से 8 गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मचारी करीब 3 घंटे से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे।

पुराने टायरों से तेल निकालने का काम

बलाचौर स्थित एमएस यश ट्रेडिंग कंपनी में पुराने टायरों से तेल निकालने का काम किया जाता है। यह फैक्ट्री काफी समय से संचालित हो रही है और यहां कई मजदूर काम करते हैं।

छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m