कैथल। एक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। कैथल में करनाल रोड पर गांव नरड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीनों युवकों की जान चली गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। दोनों पूर्व विधायक भगत राम वाल्मीकि के पड़पोते थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया।

मृतकों की पहचान अभिषेक (29), रक्षत (27) और कृष्ण (35) के रूप में हुई है। अभिषेक और रक्षत सगे भाई थे। कृष्ण उनके पड़ोसी थे और कलायत के रहने वाले थे। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।

देर रात करनाल से कैथल आ रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक गुरुवार देर रात कार में सवार होकर करनाल से कैथल की ओर आ रहे थे। जब उनकी कार गांव नरड़ के पास पहुंची तो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

सुबह राहगीरों ने देखा हादसा

घटना का पता सुबह राहगीरों को चला। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

दो सगे भाइयों की मौत से परिवार सदमे में

अभिषेक और रक्षत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों पूर्व विधायक स्वर्गीय भगत राम वाल्मीकि के पड़पोते थे। एक ही परिवार के दो युवकों की असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। वहीं, कृष्ण की मौत से उनके परिवार में भी मातम पसरा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m