प्रदीप मालवीय, उज्जैन/महिदपुर। उज्जैन केमहिदपुर के झारड़ा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है । जमीन और पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगने पर एक 40 वर्षीय महिला के साथ उसके ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अमानवीय व्यवहार किया । आरोप है कि महिला के बाल काट दिए गए, उसकी लज्जा भंग की गई, जूतों की माला पहनाई गई और उसे अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया गया । घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी।
READ MORE: सीहोर में कानून व्यवस्था तार-तार: राजस्व-पुलिस के संरक्षण में गुंडागर्दी, तहसीलदार के पत्र के बाद भी फरियादी पर कुल्हाड़ी-लाठियों से हमला
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला पिछले तीन-चार वर्षों से अपने दो बच्चों के साथ ससुराल से अलग रह रही थी । कुछ दिन पहले वह अपने बच्चों के हक और पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगने ससुराल पहुंची थी। इसी बात से नाराज होकर उसके पति, ससुर और अन्य परिजनों ने मिलकर उसके साथ यह शर्मनाक घटना को अंजाम दिया।
एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पीड़िता की शिकायत पर पति, ससुर सहित 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है ।
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान वीडियो बनाकर वायरल करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
READ MORE: सड़क पर शक्ति प्रदर्शनः पार्षद पति ने तलवार से काटा केक, विरोधी दल के पार्षद भी रहे मौजूद, वीडियो वायरल
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए पुलिस केवल आपराधिक कार्रवाई ही नहीं कर रही है, बल्कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के माध्यम से उसे कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है । साथ ही संपत्ति में उसके अधिकार और अन्य आवश्यक कानूनी मदद दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

