बरेली. उत्तर प्रदेश के बरेली में शनिवार सुबह नवोदय हॉस्पिटल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. देखते ही देखते अस्पताल में धुआं भर गया, जिसके बाद मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. वार्डों में भर्ती मरीजों को परिजन आनन-फानन में बाहर लेकर भागने लगे. अस्पताल में भर्ती कुछ बच्चों को उनके माता-पिता गोद में उठाकर सुरक्षित बाहर ले गए.

इसे भी पढ़ें- यूपी के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, सितंबर में बिजली बिल होगा 7.93% कम

छत पर लगी आग, पूरे अस्पताल में फैला धुआं

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल की छत पर लगी. पांचवें मंजिल पर आग लगने के बाद धुआं तेजी से अस्पताल के अंदर फैलने लगा. धुआं भरने के कारण अस्पताल में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई. लोग किसी तरह वार्डों से बाहर निकलने लगे. इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

बच्चों को गोद में लेकर बाहर भागे माता-पिता

अस्पताल के वार्डों में बच्चे भी भर्ती थे. आग और धुएं की जानकारी मिलते ही उनके परिजन उन्हें गोद में उठाकर बाहर की ओर भागे. कई मरीजों को उनके परिजन सहारा देकर अस्पताल से बाहर लाए. अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी.

एंबुलेंस से मरीजों को दूसरे अस्पताल भेजा

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, एंबुलेंस की मदद से भर्ती मरीजों को सुरक्षित तरीके से दूसरे अस्पतालों में भेजा गया. आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. शुरुआती तौर पर आग छत पर लगने की जानकारी सामने आई है.

इसे भी पढ़ें- यूपी में H1N1 को लेकर अलर्ट, बुखार के मरीज बढ़े; ब्रजेश पाठक बोले- घबराने की जरूरत नहीं

इज्जतनगर थाना क्षेत्र में है अस्पताल

नवोदय हॉस्पिटल बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मिनी बाईपास पर स्थित है. आग लगने की सूचना के बाद मौके पर दमकल कर्मियों के साथ पुलिस और अस्पताल प्रशासन की टीम भी सक्रिय रही. फिलहाल प्राथमिकता अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में पहुंचाने की रही. आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी किया जा रहा है.