पटना। जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बेढ़ना गांव के सैदपुर टोला में कथित शराब पार्टी के बाद चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और एक साथ चार अर्थियां उठने से ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
तीन गिरफ्तार, विशेष अभियान में 42 धंधेबाज धराए
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और बाढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विशेष अभियान चलाकर 42 शराब विक्रेताओं और पीने वालों को भी पकड़ा गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले के खुलासे के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया है, जिसने मृतकों के दोस्तों से पूछताछ करने के साथ ही 20 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि जांच में पार्टी के दौरान चार नहीं, बल्कि पांच लोगों के मौजूद होने की बात सामने आई है। पांचवां व्यक्ति शराब नहीं पी रहा था, लेकिन उसके गिलास में शराब रखी थी। पुलिस उमानाथ इलाके से विक्की कुमार नामक युवक को हिरासत में लेकर उसकी भूमिका की जांच कर रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
एक साथ उठी चार अर्थियां, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
रविवार की इस दर्दनाक घटना के बाद सोमवार को पूरे बेढ़ना गांव में सन्नाटा पसरा रहा। सती स्थान गंगा घाट पर जब एक साथ चार अर्थियां पहुंचीं और चार चिताएं एक साथ जलीं, तो हर किसी का दिल बैठ गया। मृतक निशु राज के पिता राजीव कुमार सिंह ने अपने बेटे को मुखाग्नि दी। पंकज के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि वह चार भाइयों में अकेला बचा था और उसके दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, वह रविवार को चिकन खाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर आई। वहीं, चार साल पहले ब्याहे गए निशु राज के दो साल के मासूम बेटे को यह भी अहसास नहीं है कि उसके सिर से पिता का साया उठ चुका है। परिजनों ने सरकार से पीड़ित परिवारों के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का असल राज
घटनास्थल से पुलिस ने मछली, रोटी और शराब की बोतलें बरामद की हैं। हालांकि ग्रामीणों के बीच भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की चर्चा भी गर्म है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हरसंभव पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। इस बीच, मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।



