Barmer Road Accident: राजस्थान के बाड़मेर जिले से मंगलवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे 68 पर एक कार और पिकअप के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण सड़क हादसे ने चार लोगों की जिंदगी छीन ली। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर मौजूद लोगों के भी हाथ-पांव फूल गए।

हरसानी फाटा के पास मचा हाहाकार
दरअसल, यह दर्दनाक हादसा नेशनल हाईवे 68 पर हरसानी फाटा के पास हुआ। सूत्रों के अनुसार, एक पिकअप बाड़मेर से सामान लादकर जैसलमेर की तरफ जा रही थी, जबकि सामने से आ रही कार जैसलमेर से बाड़मेर की ओर आ रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच सीधी और जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को आनन-फानन में बाड़मेर मेडिकल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद कार सवार चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
कैंटीन कार्ड से पहचान की कोशिश
गौरतलब है कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह और डीएसपी रमेश शर्मा ने खुद अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान की कोशिशें जारी हैं। मौके पर मिले कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और एक कैंटीन कार्ड के आधार पर परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।
अस्पताल में चल रहा पिकअप चालक का इलाज
बता दें कि इस हादसे में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से चार की जान नहीं बच सकी। फिलहाल पिकअप चालक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- CG Crime : जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, 10 जुआरी गिरफ्तार, नगदी भी जब्त
- बड़ा हादसा: टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आई महिला, कटकर अलग हुआ हाथ
- ‘अब तो हमें बख्श दो…’ रायबरेली में मॉडल श्रद्धा दुबे के घर पुलिस की दस्तक, दरवाजे पर हाथ जोड़कर रो पड़ीं सौतेली मां
- डाक बंगला चौराहा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, मां दुर्गा से की प्रदेश की सुख-शांति की कामना
- 700 साल पुरानी परंपरा के नाम पर विवाद, प्रशासन ने बदला फैसला, ‘आम दरबार’ की जगह फिर हुआ ‘मुरिया दरबार’
