बरोबर विधानसभा के 38 गांवों की साल 2002 की वोटर लिस्ट गायब होने पर कांग्रेस विधायक इंदुराज सिंह नरवाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर जवाब मांगा है।

चंडीगढ़। बरोदा विधानसभा क्षेत्र के 38 गांवों की वर्ष 2002 की मतदाता सूची ऑनलाइन उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। इसे लेकर कांग्रेस विधायक इंदुराज सिंह नरवाल ने हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर संबंधित मतदाता सूची तत्काल उपलब्ध कराने और इन गांवों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की अवधि बढ़ाने की मांग की है।

विधायक इंदुराज सिंह नरवाल ने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से 15 जून से 14 जुलाई तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत वर्ष 2002 और 2024 की मतदाता सूचियों का मिलान किया जा रहा है, ताकि पात्र मतदाताओं का सत्यापन किया जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि बरोदा विधानसभा क्षेत्र के मुंडलाना और कथूरा ब्लॉक के 38 गांवों की वर्ष 2002 की मतदाता सूची निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है। इसके बजाय पोर्टल पर वर्ष 1999 की मतदाता सूची दिखाई जा रही है, जिससे सत्यापन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची उपलब्ध नहीं होने से पात्र मतदाताओं के दस्तावेजों के मिलान और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में परेशानी आ रही है। इससे कई योग्य मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह सकते हैं।

उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि संबंधित 38 गांवों की वर्ष 2002 की मतदाता सूची जल्द से जल्द ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, इन गांवों के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समय सीमा भी बढ़ाई जाए, ताकि सभी पात्र मतदाताओं का सत्यापन समय पर पूरा हो सके और किसी का मताधिकार प्रभावित न हो।