समीर शेख, बड़वानी। एमपी के बड़वानी जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में एक महिला के शव पर रविवार रात से सोमवार सुबह तक चीटियां रेंगती रहीं। पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टर के 10 घंटे से अधिक समय तक नहीं पहुंचने पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया। इस घटना ने हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना रविवार शाम की है।

नवलपुरा निवासी राधाबाई (58) को एक दुर्घटना के बाद शाम करीब 6 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भर्ती होने के आधे घंटे बाद, शाम 6:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई। नियमानुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम रूम में रखवा दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि शव को पीएम रूम में रखने के बाद अस्पताल स्टाफ ने उसकी कोई सुध नहीं ली। सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक जब पोस्टमार्टम के लिए कोई डॉक्टर नहीं पहुंचा, तो परिजन पीएम रूम पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि शव के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर चीटियां चल रही थीं।

ये भी पढ़ें: ये कैसी स्वास्थ्य व्यवस्था? सतना में मरीज को ई रिक्शा से लेकर वार्ड तक पहुंचाया, इधर सिंगरौली में बाइक पर मासूम का शव रखकर ले गए परिजन

मृतिका के बेटे ने कही ये बात

मृतिका के बेटे राहुल ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि “हमने कल शाम 6 बजे भर्ती कराया था और 6:30 बजे मां की मौत हो गई। इसके बाद शव को पीएम रूम में रख दिया गया। सुबह से डॉक्टर को फोन कर रहे हैं। आरएमओ साहब और डॉ. बादल खरते आने की बात कह रहे हैं, लेकिन एक घंटे से अधिक समय बीत जाने पर भी कोई नहीं आया। शव पर चीटियां चल रही हैं। यह जिला अस्पताल की स्थिति है।”

विधायक प्रतिनिधि ने लगाए ये आरोप

हंगामे की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनड़े भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “शव कल शाम से यहां रखा था। जब हमने चादर हटाई तो पूरे शरीर पर चीटियां थीं। अस्पताल में फ्रीजर उपलब्ध होने के बावजूद शव को जमीन पर रखा गया। आधे घंटे से अधिक समय हो गया, लेकिन मैनेजर या स्वास्थ्य विभाग का कोई अधिकारी बात करने नहीं आया। यह गंभीर लापरवाही है।”

ये भी पढ़ें: अस्पताल में इलाज नहीं… चोरी का शिकार हुई मासूम! 1 साल की बच्ची के गले से सोने का लॉकेट हुआ चोरी 

अधिकारी मौन

वहीं हंगामे के बाद मौके पर पहुंची डॉक्टरों की टीम ने परिजनों को समझाइश दी और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। लेकिन इस संबंध में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m