समीर शेख, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद लोगों के बिजली बिल में बेतहाशा बढ़ोतरी होने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि दो पंखे और दो लाइट जलाने के बाद भी उनका बिल 25 हजार रुपए तक पहुंच गया है, जो कभी 1 हजार आता था। यह हाल तब है जब लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगा हुआ है। उन्होंने बिल कम न होने पर मीटर जलाने की चेतावनी दी है।
सोलर पैनल के बाद भी 2500 यूनिट पहुंचा बिल
बड़वानी शहर के सेगांव स्थित वार्ड क्रमांक 10 में जून महीने में लगाए गए स्मार्ट मीटरों से बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है। जिन घरों का बिल पहले 108 से 150 यूनिट आता था, अब वह 700 से 2500 यूनिट तक पहुंच गया है। सोलर पैनल लगे होने के बावजूद बिलों में 10 गुना तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
150 से ज्यादा परिवार की बढ़ी चिंता
इससे परेशान 150 से अधिक परिवारों ने मध्य प्रदेश विद्युत बोर्ड (MPEB) कार्यालय के कई चक्कर लगाए, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। उपभोक्ताओं ने अब स्मार्ट मीटरों की होली जलाने की चेतावनी दी है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
900 और 1854 यूनिट का थमाया बिल
वार्ड निवासी अखिलेश मुकाती ने बताया कि उनके घर में 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगा है, जो प्रतिदिन 15 से 20 यूनिट बिजली बनाता है। इसके बावजूद, उन्हें पहले महीने 900 यूनिट और दूसरे महीने 1854 यूनिट का बिल दिया गया है। उन्होंने कहा, “पहले हमारा बिल 108-120 यूनिट आता था। MPEB में हम 3-4 बार काम छोड़कर गए, लेकिन कर्मचारी कहते हैं कि मीटर सही है और खपत हो रही है।”मुकाती ने आगे बताया कि उनके गांव में 150 परिवार हैं और खमाजी काग के घर का बिल तो 2500 यूनिट प्रतिमाह आ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि कोई उन्हें तकनीकी भाषा में समझाए कि घर में इतनी बिजली कैसे खर्च हो रही है।
कभी आता था 150, अब आया 6480 का बिल
इसी वार्ड के कमल काग ने जानकारी दी कि पिछले तीन साल से उनका बिल 150 से 200 रुपये आता था, लेकिन इस महीने उन्हें 6480 रुपये का बिल मिला है। उन्होंने कहा, “मेरे यहां सिर्फ दो बल्ब, एक पंखा और तीसरे दिन चलने वाली पानी की मोटर है। मैंने अधिकारियों से पुराना रिकॉर्ड देखने को कहा, लेकिन उन्होंने बाद में मिलने और बिल कम करने की बात कही। हालांकि कितना कम करेंगे यह नहीं बताया।”
2 लाईट… 2 पंखे फिर भी आए 25 हजार
एक अन्य उपभोक्ता संजय काग ने बताया कि पिछले महीने तक उनका बिल 1000 रुपये था, जो इस महीने बढ़कर 25000 रुपये हो गया है। उन्होंने कहा, “मैं केवल दो लाइट और दो पंखे चलाता हूं। अधिकारी आए तो बोले कि आप सब चलाते हैं। इस समस्या का जल्द निराकरण होना चाहिए।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


