बस्ती. उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में पैड़ा वाले बाबा गोविंद दास से जुड़ी चौंकाने वाली घटना सामने आई है.खबर है कि बाबा ने फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. घटना के बाद उनके समर्थकों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है.
इसे भी पढ़ें- 200 सीट का सपना, 2 सीट का सच! रायबरेली में कांग्रेस के होर्डिंग्स ने छेड़ी नई बहस, अपने ही गढ़ में कितनी मजबूत है पार्टी
फेसबुक लाइव के दौरान कही ‘मैं हार गया’ की बात
बताया जा रहा है कि फेसबुक लाइव के दौरान बाबा गोविंद दास बार-बार ‘मैं हार गया’ कहते सुनाई दिए. इसी दौरान उनके कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई. हालांकि, घटना से जुड़ी पूरी जानकारी और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
छह महीने से कथा कराने का कर रहे थे प्रयास
जानकारी के मुताबिक, बाबा गोविंद दास पिछले करीब छह महीने से बस्ती में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा आयोजित कराने की कोशिश कर रहे थे. इसके लिए उन्होंने कई प्रयास किए थे. बताया जाता है कि वह बस्ती से बागेश्वर धाम तक पैदल यात्रा भी कर चुके थे.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश के घर के बाहर लगे पोस्टर पर राजभर का हमला, बोले- निषाद कब तक सपा की सरकार बनवाएंगे?
कथा नहीं होने से निराश होने की चर्चा
सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी में कथा का आयोजन नहीं हो पाने को बाबा की निराशा की संभावित वजह बताया जा रहा है. हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद बाबा को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया. हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. उनके अनुयायी स्वास्थ्य को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं. फिलहाल उनकी स्थिति और घटना के पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

