लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पोस्टर और गठबंधन की राजनीति तेज हो गई है. कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने अखिलेश के आवास के बाहर लगे पोस्टर को लेकर निषाद समाज के राजनीतिक नेतृत्व का सवाल उठाया. साथ ही, सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत पर भी तंज कसा.
इसे भी पढ़ें- ‘भारत को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की भट्टी में…’, CM योगी का कड़ा संदेश, जानिए आखिर ऐसा क्या कहा?
अखिलेश के आवास के बाहर लगे पोस्टर पर क्या बोले राजभर?
अखिलेश यादव के आवास के बाहर लगे पोस्टर को लेकर राजभर ने सवाल किया कि क्या निषाद समाज को अपना नेता नहीं चाहिए? उन्होंने कहा कि निषाद कब तक केवल समाजवादी पार्टी की सरकार बनाते रहेंगे? राजभर के मुताबिक, जब भर्तियां होंगी तो अखिलेश अपनी बिरादरी के लोगों को आगे बढ़ाएंगे और निषाद समाज के लोग देखते रह जाएंगे.
दरअसल, सपा कार्यालय के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें अखिलेश यादव को नाव पर सवार दिखाया गया है. इस पर लिखा है— “ब्राह्मण रास्ता दिखाएंगे, केवट पार लगाएंगे और सब मिलकर PDA सरकार बनाएंगे.”
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी साधा निशाना
राजभर ने सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चा पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस 172 सीटें मांगने की बात कर रही थी और अब 200 सीटों की मांग की चर्चा है. राजभर ने दावा किया कि कांग्रेस अब पहले जैसी नहीं रही और धीरे-धीरे अपना विस्तार कर रही है.
कांग्रेस को लेकर राजभर का बड़ा दावा
राजभर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को कमजोर करने में लगी रही. अब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने इसे कांग्रेस का राजनीतिक अभियान बताया.
इसे भी पढ़ें- ‘शब्द रंग’ साहित्य महोत्सव : अयोध्या भारत का मर्म स्थल, इसे जाने बिना राष्ट्र को जानना असंभव- महंत मिथिलेशनंदिनीशरण
बोले- दोनों दल समझौता नहीं करना चाहते
राजभर ने दावा किया कि कांग्रेस और अखिलेश यादव, दोनों ही गठबंधन को लेकर गंभीर नहीं हैं. उनके मुताबिक, कांग्रेस समझौता नहीं चाहती और अखिलेश भी उससे गठबंधन नहीं करना चाहते.

