लखनऊ. सीमा योगी का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया हिंसा और अस्थिरता से जूझ रही है, तब लोकतांत्रिक स्थिरता के साथ आगे बढ़ते भारत को अराजकता की भट्टी में झोंकने की संकीर्ण कोशिशें तेज हो गई हैं. राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर देश की छवि धूमिल करने वाली ताकतों को कड़ा संदेश देते हुए यह साफ कर दिया गया है कि भारत का विकास रथ रुकने वाला नहीं है और उत्तर प्रदेश कृषि से लेकर विनिर्माण तक हर मोर्चे पर देश की आर्थिक प्रगति को रफ्तार दे रहा है.
इसे भी पढ़ें- मोदी जी, जवाबदेही पर चुप्पी क्यों? ITBP महानिदेशक के बयान के बाद चीन को लेकर कांग्रेस ने घेरा, देश की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए मांगा जवाब
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी एवं निर्णायक नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है. आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है और आत्मनिर्भरता, नवाचार तथा विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है. राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ ‘नए भारत’ में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हुई हैं. नीति-निर्माण के केंद्र में आम जनता है, गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता है, अंत्योदय आत्मनिर्भरता का आधार है और जनभागीदारी विकास को जन-आंदोलन का रूप दे रही है.
आगे उन्होंने कहा कि आस्था, अस्मिता और आत्मविश्वास से परिपूर्ण नए भारत में सामाजिक न्याय, नारी सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि की संभावनाएं साकार हो रही हैं. विकास की यह यात्रा जन-आकांक्षाओं को अवसरों में बदलते हुए राष्ट्र की सामर्थ्य को निरंतर विस्तार दे रही है. आज जब विश्व के अनेक हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, भारत लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है. ऐसे समय में संकीर्ण मानसिकता वाली कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की भट्टी में झोंकने का षड्यंत्र रच रही हैं. राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर वैश्विक मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का निरंतर प्रयास कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें- ‘सपा हारना पसंद करेगी, BJP को हराना नहीं’, चंद्रशेखर आजाद के बयान से यूपी में सियासी हलचल, सरकारी स्कूलों पर भी उठाए सवाल
आगे सीएम योगी ने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत अपने विकास के लक्ष्य के प्रति अडिग संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. इस राष्ट्रीय यात्रा में उत्तर प्रदेश अपनी विशाल कृषि क्षमता, विस्तृत होते औद्योगिक आधार, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और युवा शक्ति के सामर्थ्य के बल पर कृषि से विनिर्माण तक, निवेश से रोजगार सृजन तक, हर क्षेत्र में प्रगति को गति दे रहा है और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. हमारा संकल्प अटल है- राष्ट्रहित सर्वोपरि, राष्ट्रीय एकता अक्षुण्ण और विकास की गति अविराम. राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत की प्रगति का यह महायज्ञ अनवरत जारी रहेगा.

