बटाला। पंजाब के बटाला के नजदीकी गांव किला लाल सिंह में उस समय भारी दहशत और सनसनी का माहौल बन गया, जब मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने शिरोमणि अकाली दल के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व सरपंच के घर पर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि इस खतरनाक हमले के दौरान अकाली नेता ने सूझबूझ दिखाई और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
सुबह की सैर के दौरान हुआ हमला
वारदात के संबंध में जानकारी देते हुए शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता, पूर्व सरपंच और जिला कोषाध्यक्ष जसबीर सिंह गिल ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह-सुबह अपने घर के आंगन (वेहड़े) में सैर कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि उनके घर के मेन गेट के बाहर एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक आकर रुके। दोनों के हाथों में पिस्तौल थी। जसबीर सिंह के मुताबिक, बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने पिस्तौल तानकर सीधे घर के अंदर की तरफ 4 राउंड फायर झोंक दिए। वहीं, दूसरे युवक ने भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसकी पिस्तौल मिसफायर हो गई।
लाइसेंसी रिवॉल्वर से दिया मुंहतोड़ जवाब
गोलियों की आवाज सुनते ही जसबीर सिंह गिल ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और घर के अंदर की तरफ भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने अंदर से अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और हमलावरों पर जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। खुद को घिरता देख और अकाली नेता को भारी पड़ता देख हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेजी से मौके से रफूचक्कर हो गए।

रसोई और ड्राइंग रूम की दीवारों पर लगे गोलियों के निशान
हमलावरों द्वारा चलाई गई गोलियां पूर्व सरपंच के घर की रसोई और ड्राइंग रूम की दीवारों में जा लगीं। इस गोलाबारी के दौरान एक गोली दीवार को पार करती हुई पड़ोसी इंद्रबीर सिंह रंधावा के घर के बाहर खड़ी गाड़ी में भी जा घुसी। इस वारदात के बाद से शिरोमणि अकाली दल के स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों में भारी रोष और असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
पड़ोसी के CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात
यह पूरी सनसनीखेज वारदात पड़ोस के एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार दो हमलावरों ने घर को निशाना बनाते हुए 4 गोलियां चलाईं और फिर फरार हो गए।
पुलिस तफ्तीश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना किला लाल सिंह की पुलिस पार्टी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेकर गोलियों के खोखे बरामद कर लिए हैं। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- Jharkhand News: रिम्स में डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन, काला बिल्ला लगाकर सरकार तक पहुंचाई अपनी मांगें
- गुरुग्राम से सिरसा जा रही रोडवेज बस पर हमला! ड्राइवर को बस में घुसकर पीटा, यात्रियों को भी धमकाया
- शिक्षा विभाग पर निगरानी का छापा, शिक्षकों के वेतन-एरियर घोटाले में बीआरसी अकाउंटेंट गिरफ्तार
- गुजरात में होम्योपैथी शिक्षा को मिला बड़ा प्रोत्साहन, 25 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा और छात्रवृत्ति
- अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर ग्वालियर में तैयारियां तेज, टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन समारोह में हो सकते हैं शामिल

