रेवाड़ी। हरियाणा के बावल में एक शादी का प्रतिभोज चर्चा में है। वजह सिर्फ यह नहीं कि इसमें हजारों लोग शामिल होंगे। खास बात यह है कि शादी का निमंत्रण 84 खाप के 106 गांवों के हर घर तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके साथ ही कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, विधायकों और दूसरे बड़े नेताओं को भी बुलावा भेजा जाएगा। 23 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में करीब 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

यह आयोजन बावल नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह महलावत के बेटे भारत महलावत की शादी के उपलक्ष्य में होगा। इसके लिए बावल में महापंचायत बुलाई गई। इसमें फैसला लिया गया कि प्रतिभोज को केवल एक परिवार का कार्यक्रम नहीं रहने दिया जाएगा। इसे सामाजिक मेलजोल और भाईचारे से जोड़कर आयोजित किया जाएगा।

106 गांवों के हर घर तक पहुंचेगा निमंत्रण

आयोजकों की योजना है कि बावल 84 खाप के अंतर्गत आने वाले 106 गांवों में शादी का निमंत्रण पहुंचाया जाए। बावल शहर के हर घर को भी आमंत्रित किया जाएगा। कोशिश है कि लोगों को केवल औपचारिक निमंत्रण न मिले, बल्कि परिवार के सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से बुलाया जाए।

इस आयोजन में हरियाणा के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, विधायकों, पूर्व विधायकों और विपक्षी नेताओं को आमंत्रित करने की योजना है। अधिकारियों और देश की विभिन्न खापों को भी निमंत्रण भेजे जाएंगे।

चार एकड़ में टेंट, तीन एकड़ में पार्किंग

आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इंतजाम भी बड़े स्तर पर किए जा रहे हैं। प्रतिभोज के लिए चार एकड़ जमीन पर टेंट लगाया जाएगा। इसमें एक साथ 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।

वाहनों के लिए तीन एकड़ में पार्किंग बनाई जाएगी। पार्किंग संभालने के लिए 100 गार्ड लगाने की योजना है। भोजन परोसने के लिए करीब एक हजार वेटर और व्यवस्था संभालने के लिए 500 स्वयंसेवक लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध कलाकारों और सांस्कृतिक समूहों को भी बुलाया जाएगा। चर्चित नगाड़ा ग्रुप अपनी प्रस्तुति देगा। यह ग्रुप विदेशों में भी कार्यक्रम कर चुका है।

महापंचायत में कई खापों के प्रतिनिधि पहुंचे

शनिवार को हुई महापंचायत में अलग-अलग क्षेत्रों की खापों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें झाड़सा 360 खाप के प्रधान महेंद्र ठकरान, भौड़ा कलां खाप के प्रधान राजेश चौहान और पटौदी, सरोह, गुरुग्राम कटारिया तथा खैरथल-किशनगढ़ क्षेत्र की खापों के प्रतिनिधि शामिल थे।

बैठक में विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह, अधिवक्ता और एसपीएस के सदस्य डॉ. पवन समेत कई लोग मौजूद रहे।

20 नवंबर को होगी शादी

भारत महलावत पेशे से अधिवक्ता हैं। वह पिछले पांच वर्षों से रेवाड़ी और गुरुग्राम की अदालतों में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उनकी शादी 20 नवंबर को चरखी दादरी निवासी प्रिया से होगी। प्रिया एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पिता रविंद्र अहलावत सीमा सुरक्षा बल (BSF) से सेवानिवृत्त हैं।

शादी के बाद 23 नवंबर को बावल में प्रतिभोज आयोजित किया जाएगा। अब इसकी तैयारियां तेज की जा रही हैं। आयोजकों का उद्देश्य इस कार्यक्रम के जरिए अधिक से अधिक लोगों को एक मंच पर लाना और सामाजिक भाईचारे को मजबूत करना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m