बवानीखेड़ा की ‘विकास संकल्प जनसभा’ में मुख्यमंत्री ने पेश किया विकास का रोडमैप, 78 करोड़ की 7 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
अजय सैनी, बवानीखेड़ा (भिवानी)। रविवार को भिवानी जिले के बवानीखेड़ा कस्बे में आयोजित ‘विकास संकल्प जनसभा’ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। जनसभा में मुख्यमंत्री को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान लगभग 78 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा में भाजपा की डबल इंजन सरकार आज तिगुनी गति से विकास कार्य करवा रही है।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी, जनसभा के आयोजक एवं विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, सांसद चौ. धर्मबीर सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, नलवा विधायक रणधीर सिंह पनिहार, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर धूपड़ और नगर पालिका बवानीखेड़ा के चेयरमैन सुंदर अत्री भी उपस्थित रहे।

जनसभा स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा और ढोल-गाजे-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
जनता की अपार उपस्थिति सरकार की नीतियों पर विश्वास की मुहर: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि जनसभा में जनता की अपार उपस्थिति हरियाणा की डबल इंजन सरकार की नीतियों पर अटूट विश्वास की मोहर है।
उन्होंने बवानीखेड़ा के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प दोहराते हुए कहा कि कदम-कदम पर विकास की नई इबारत लिखी जाएगी और यह क्षेत्र तरक्की के नए शिखर छुएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विगत 12 वर्षों में इस विधानसभा क्षेत्र में 1446 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में यह आंकड़ा मात्र 609 करोड़ 58 लाख रुपये था।
सड़कों से रेलवे तक करोड़ों के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इस इलाके के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। एनएच-148बी का भिवानी-हांसी खंड 1322 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुका है।
इसी तरह एनएच-709ए का निर्माण 749 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, जबकि भिवानी-खरक एनएच-709ई को 169 करोड़ रुपये की लागत से चारमार्गीय बनाया गया है।
मानहेरू-बवानीखेड़ा रेलवे लाइन का दोहरीकरण 413 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है, जिसमें 12 किलोमीटर का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा खरक कलां में 29 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से जलघर और सुंदर डिस्ट्रीब्यूटरी लाइनिंग का कार्य 21 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से किया गया है।
किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है।
उन्होंने कहा कि फसल खरीद के तहत अब तक 12 लाख किसानों के खातों में 1 लाख 86 हजार करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं। वहीं पिछले 12 वर्षों में फसल खराबे पर किसानों को 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।
महिलाओं, गरीबों और पिछड़ा वर्ग के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 10 लाख बहन-बेटियों को 2,100 रुपये प्रतिमाह की दर से 2,042 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के अंतर्गत 15 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

सामाजिक न्याय और गरीब कल्याण के तहत पिछड़ा वर्ग की आय सीमा 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है तथा पंचायतों और नगर निकायों में आरक्षण दिया गया है।
बिना खर्ची-बिना पर्ची युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में युवाओं के लिए बिना खर्ची-बिना पर्ची की नौकरी नीति के तहत 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि नई हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई नीति-2026 के माध्यम से 55 हजार करोड़ रुपये का निवेश लाने और 5 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
साथ ही विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए हरियाणा ओवरसीज एम्प्लॉयमेंट सेल का गठन किया गया है।
नशा मुक्त हरियाणा के लिए चल रहा अभियान
मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति अभियान के तहत हरियाणा उदय कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि सभी जिलों में मैराथन, साइक्लोथॉन और सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं तथा नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को राज्य स्तर पर भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने आमजन से 5 अक्टूबर को हरियाणा पहुंचने वाली समरसता यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी जनकल्याण, सुशासन और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
बॉक्स: पेयजल व सिंचाई व्यवस्था को किया मजबूत: श्रुति चौधरी
हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में प्रदेश की भलाई और 36 बिरादरियों सहित हर वर्ग के हित के लिए निरंतर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से हरियाणा की सिंचाई व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन होने जा रहा है। वर्ल्ड बैंक के सहयोग से हरियाणा में 6000 करोड़ रुपये की राशि से सभी प्रमुख नहरों, चैनलों आदि के नवनिर्माण से प्रदेश की सभी टेलों पर पानी पहुंचेगा।
इसके अलावा बुटाना ब्रांच और सुंदर ब्रांच के कार्य भी क्रमश: 211 करोड़ रुपये और 190 करोड़ रुपये की लागत से मंजूर किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों और क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराना तथा सिंचाई व्यवस्था को और मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में इस क्षेत्र के सुधार में स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल और स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने इस सूखे इलाके को हरा-भरा बनाने के लिए बहुत काम किए।
सिंचाई विभाग के माध्यम से लिफ्ट इरिगेशन स्कीम लागू की गई, जो अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि उनके बाद अब नायब सिंह सैनी की वर्तमान सरकार इस क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
श्रुति चौधरी ने कहा कि इस बार बारिश की कमी के चलते नहरों में पानी की कमी है, लेकिन जल्द ही नहरी पानी की 16 दिन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
बॉक्स: लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनना ऐतिहासिक: धर्मबीर सिंह
सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जनसभा में स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारें बनती रही हैं, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है और इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चेहरे ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों की समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए काम कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं किसान परिवार से हैं और प्रदेश के लोगों को उनका काम पसंद आ रहा है।
सांसद ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में चौथी बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों के बारे में सोचते हैं। प्रदेश का बजट चार लाख करोड़ रुपये प्रति वर्ष है, जिस पर कोई नया टैक्स भी नहीं है। उन्होंने कहा कि 50 लाख परिवारों के लाभार्थियों को सीधे उनके खातों में सहायता पहुंचाई जा रही है।
नहरों के जीर्णोद्धार के लिए 6 हजार करोड़ का प्रबंध
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि नहरों के जीर्णोद्धार के लिए पहली बार करीब 6 हजार करोड़ रुपये की राशि का प्रबंध किया गया है, जिससे नहरों के टेल तक निर्बाध रूप से पानी पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के बाद पहली बार इस दिशा में इतना बड़ा कदम उठाया गया है। सांसद ने कहा कि इस बार मौसम में भारी परिवर्तन हुआ है और ज्यादा बारिश नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि टेल तक पानी पहुंचाने के स्थायी समाधान का काम शुरू हो गया है, लेकिन त्वरित समाधान के लिए नहरों पर होने वाली चोरी को रोकना होगा और आगामी जून माह में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने होंगे।
सांसद ने बवानीखेड़ा विधायक और कार्यक्रम आयोजक कपूर वाल्मीकि को बधाई देते हुए कहा कि विधायक गांव-गांव में जाकर लोगों से उनकी समस्याएं पूछते हैं और समाधान के लिए उन्हें चंडीगढ़ तक ले जाकर संबंधित स्तर पर कार्य करवाते हैं।
उन्होंने बवानीखेड़ा से निकल रहे फोरलेन मार्ग पर कस्बे में उतार-चढ़ाव की व्यवस्था किए जाने की मांग की। साथ ही मुंढ़ाल में लड़कियों के लिए कॉलेज बनाए जाने की मांग भी रखी।
बॉक्स: विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने जोरदार ढंग से रखीं इलाके की मांगें
कार्यक्रम के आयोजक और बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इलाके की विभिन्न मांगों को जोरदार ढंग से रखा।
विधायक ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनने के साथ-साथ बवानीखेड़ा की जनता ने विधानसभा क्षेत्र से भी लगातार तीसरी बार भाजपा का विधायक चुनने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि बवानीखेड़ा क्षेत्र भारतीय जनता पार्टी की एक तरह से छावनी है और यहां की जनता एक इशारे पर ढोल ठाड़े भर देती है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं और कुछ कार्य अभी चल रहे हैं।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने जनसभा में उमड़ी भीड़ से मुख्यमंत्री को हमेशा भाजपा के साथ रहने का आश्वासन भी दिलवाया।
अस्पताल से उपमंडल का दर्जा देने तक रखीं कई मांगें
विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने बवानीखेड़ा अस्पताल की सुविधाएं बढ़ाने, 33 केवी सब स्टेशन बनाने और खरक कलां महिला कॉलेज के भवन का निर्माण करवाने की मांग रखी।
इसके अलावा विभिन्न स्टेडियमों का निर्माण, नई सब्जी मंडी, सड़कों का रखरखाव, कम्युनिटी सेंटर, कस्बे में नए रेस्ट हाउस का निर्माण और नगरपालिका भवन बनाए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी गई।
उन्होंने बवानीखेड़ा को उपमंडल का दर्जा दिए जाने सहित क्षेत्र की विभिन्न मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
बॉक्स: मुख्यमंत्री चौबीसों घंटे प्रदेश की भलाई के लिए कर रहे काम: किरण चौधरी
पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि आज पूरा हरियाणा जानता है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी किस तरह दिन-रात और चौबीसों घंटे प्रदेश की भलाई के लिए काम करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा को एक विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। पूर्व सांसद ने कहा कि बवानीखेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि विधानसभा में क्षेत्र की आवाज उठाते हैं और अपने क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि यह इलाका चौधरी बंसीलाल का बहुत प्रिय रहा है और क्षेत्र की जनता ने हमेशा चौधरी बंसीलाल और चौधरी सुरेंद्र सिंह का साथ दिया।
किरण चौधरी ने कहा कि चौधरी सुरेंद्र सिंह बताते थे कि इस इलाके ने हमेशा पूरा मान-सम्मान रखा है। यह बागड़ का इलाका था और यहां पहले बहुत कम सुविधाएं हुआ करती थीं।
चौधरी बंसीलाल ने बनाया नहरों का मजबूत नेटवर्क
पूर्व सांसद ने कहा कि चौधरी बंसीलाल ने बहुत पहले नहरों का ऐसा नेटवर्क बनाया, जिससे पानी इस क्षेत्र तक पहुंच सका। हालांकि उसके बाद की सरकारों ने इस दिशा में पर्याप्त सुनवाई नहीं की।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी अगुवाई में और सिंचाई मंत्री के रूप में श्रुति चौधरी के प्रयासों से वर्ल्ड बैंक का सहयोग मिला है। इससे अब नहरों का जीर्णोद्धार होगा।
किरण चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री बिना किसी भेदभाव के प्रदेश में विकास कार्य करवा रहे हैं।
नगरपालिका चेयरमैन और भाजपा जिलाध्यक्ष ने जताया आभार
जनसभा में नगरपालिका चेयरमैन सुंदर अत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने जिले की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



