BBL in India: दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग आईपीएल के बाद बिग बैश लीग (BBL) को क्रिकेट जगत की प्रमुख फ्रेंचाइजी प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपनी इस लीग को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बैश लीग 2026-27 सीजन का उद्घाटन मुकाबला भारत में खेला जाएगा, जिसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी मंजूरी दे दी है।

बता दें कि अगर यह योजना अमल में आती है तो यह BBL इतिहास का पहला मौका होगा, जब लीग का कोई मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के बाहर आयोजित किया जाएगा।

चेन्नई में हो सकती है ऐतिहासिक शुरुआत

रिपोर्ट के अनुसार बिग बैश लीग के 16वें संस्करण का पहला मुकाबला चेन्नई के प्रतिष्ठित एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। दिसंबर के दूसरे सप्ताह में लीग की शुरुआत होने की संभावना है, हालांकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है।

इतना ही नहीं, उद्घाटन मुकाबले के साथ भव्य ओपनिंग सेरेमनी भी चेन्नई में आयोजित किए जाने की चर्चा है। इससे लीग को भारत सहित दुनियाभर में व्यापक प्रचार और मीडिया कवरेज मिलने की उम्मीद है।

भारत के विशाल क्रिकेट बाजार पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नजर

भारत को दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट बाजार माना जाता है। करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों और बढ़ते खेल निवेश को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस अवसर का लाभ उठाना चाहता है। माना जा रहा है कि भारत में मैच आयोजित करने से लीग की लोकप्रियता बढ़ेगी और भविष्य में भारतीय निवेशकों की रुचि भी BBL फ्रेंचाइजी में बढ़ सकती है।

चेन्नई पहुंची थी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की टीम

रिपोर्ट्स के अनुसार आईपीएल 2026 के दौरान चेन्नई में खेले गए अंतिम मुकाबले के समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की पांच सदस्यीय टीम निरीक्षण के लिए चेन्नई पहुंची थी। इस दौरान BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी और संभावित आयोजन को लेकर चर्चा हुई थी।

बताया जा रहा है कि शुरुआती दौर में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भारत में एक से अधिक मुकाबले आयोजित करने पर विचार कर रही थी, लेकिन फिलहाल केवल उद्घाटन मैच को भारत में कराने की योजना पर सहमति बनी है।

धूमल ने किया कन्फर्म

आईपीएल चेयरमैन अरुण कुमार धूमल ने कन्फर्म करते हुए कहा कि बिग बैश लीग का एक मुकाबला भारत में खेला जाएगा। उन्होंने कहा था कि विश्व क्रिकेट में भारत की मजबूत स्थिति और विशाल फैन बेस को देखते हुए यह कदम हैरानी वाला नहीं है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भारत के क्रिकेट बाजार की संभावनाओं को भुनाना चाहती है।

यदि यह आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार होता है, तो चेन्नई विश्व क्रिकेट के एक और ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनेगा और बिग बैश लीग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल सकती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H