BCCI Domestic Cricket Rules: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2026-27 घरेलू क्रिकेट सत्र से पहले खेल के नियमों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नए नियमों का उद्देश्य खेल की निष्पक्षता बनाए रखना और अनुशासन को मजबूत करना है। सबसे बड़ा बदलाव उन गेंदबाजों को लेकर किया गया है जो जानबूझकर फ्रंट फुट नो-बॉल या ऐसी गेंद फेंकते हैं जो पिच पर टप्पा खाए बिना सीधे बल्लेबाज तक पहुंचती है। अब ऐसे मामलों में संबंधित गेंदबाज को केवल उस पारी से नहीं, बल्कि पूरे मैच से बाहर कर दिया जाएगा।

अब तक लागू नियमों के तहत ऐसी स्थिति में गेंदबाज को सिर्फ उसी पारी में गेंदबाजी करने से रोका जाता था। हालांकि, मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) की सिफारिशों के बाद BCCI ने नियम को और सख्त करते हुए पूरे मैच के लिए प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। बोर्ड ने इस संबंध में सभी राज्य क्रिकेट संघों को सर्कुलर जारी कर दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी फ्रंट फुट नो-बॉल को जानबूझकर फेंका गया माना जाएगा या नहीं, इसका अंतिम निर्णय मैदान पर मौजूद अंपायर करेंगे।
दिन का आखिरी ओवर हर हाल में होगा पूरा
BCCI ने दिन के खेल की समाप्ति से जुड़े नियम में भी बदलाव किया है। पहले यदि दिन के अंतिम ओवर के दौरान कोई विकेट गिर जाता था तो उसी समय स्टंप्स घोषित कर दिए जाते थे। अब नए नियम के तहत आखिरी ओवर हर हाल में पूरा कराया जाएगा, चाहे उसके दौरान विकेट ही क्यों न गिर जाए। इस बदलाव का उद्देश्य नई बल्लेबाजी जोड़ी को दिन का शेष खेल खेलने का अवसर देना है।
अंतिम पारी में नहीं होगी डिक्लेरेशन या फॉरफिट
बोर्ड ने पारी घोषित (डिक्लेरेशन) और पारी छोड़ने (फॉरफिट) से जुड़े नियमों में भी संशोधन किया है। नए नियम के अनुसार किसी भी मैच की अंतिम पारी में कोई टीम डिक्लेरेशन या फॉरफिट का विकल्प नहीं अपना सकेगी। नियम 15.2 में किए गए इस बदलाव के पीछे कारण यह बताया गया है कि कुछ मामलों में इस प्रावधान का उपयोग कृत्रिम या बनावटी परिणाम हासिल करने के लिए किया जाता था, जो खेल भावना के विपरीत माना गया।
वनडे मैचों में ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान पर जा सकेंगे हेड कोच

घरेलू वनडे क्रिकेट में अब टीम के मुख्य कोच को ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से बातचीत करने की अनुमति होगी। BCCI का मानना है कि इससे टीमों को रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी भविष्य में इसी तरह का नियम लागू करने पर विचार कर रही है।
विकेटकीपरों के लिए भी बदला नियम

विकेटकीपरों को भी नए नियमों के तहत राहत मिली है। पहले गेंदबाज के रन-अप शुरू करते ही विकेटकीपर के दस्ताने स्टंप्स के पीछे होना अनिवार्य था। अब केवल गेंद डिलीवर किए जाने के समय दस्ताने स्टंप्स के पीछे होना पर्याप्त होगा। पुराने नियम के कारण कई बार गेंद को नो-बॉल करार दिया जाता था या स्टंपिंग अमान्य हो जाती थी।
अंपायरों और मैच रेफरियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
BCCI ने सभी राज्य क्रिकेट संघों को निर्देश दिए हैं कि नए घरेलू सत्र से पहले अंपायरों और मैच रेफरियों को संशोधित नियमों की पूरी जानकारी दी जाए। अगले महीने दलीप ट्रॉफी के साथ घरेलू क्रिकेट सीजन की शुरुआत होगी। इससे पहले अधिकारियों के लिए विशेष जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नए नियमों को मैदान पर प्रभावी और एक समान तरीके से लागू किया जा सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


