अजय शास्त्री/बेगूसराय। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। बेगूसराय स्थित सहायक नियंत्रक मापतौल कार्यालय में तैनात लिपिक (क्लर्क) पुष्कर कुमार को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी क्लर्क लाइसेंस रिन्यूअल के एवज में पीड़ित व्यवसायी से अवैध वसूली कर रहा था।

​रिन्यूअल के नाम पर की थी अवैध वसूली

​मामले का खुलासा करते हुए निगरानी विभाग के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि हेमरा निवासी व्यवसायी उमेश साह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें अपने किराना स्टोर के बटखारा (वजन मानक) लाइसेंस का नवीनीकरण कराना था। इस काम के बदले लिपिक पुष्कर कुमार ने उनसे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। क्लर्क ने धमकी दी थी कि यदि रकम नहीं दी गई, तो न केवल लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा, बल्कि दुकान भी बंद करवा दी जाएगी। आरोपी ने डरा-धमका कर पहले ही पीड़ित से 5000 रुपये ऐंठ लिए थे और शेष राशि के लिए दबाव बना रहा था।

​शिकायत के बाद बिछाया जाल

​रिश्वतखोरी से परेशान व्यवसायी ने भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने का निर्णय लिया और पटना स्थित निगरानी ब्यूरो में इसकी लिखित शिकायत की। ब्यूरो ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष रेडिंग टीम का गठन किया गया। योजना के अनुसार, सोमवार को जैसे ही व्यवसायी ने क्लर्क को शेष 5000 रुपये दिए, पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने पुष्कर कुमार को रंगेहाथों दबोच लिया।

​आरोपी से पूछताछ जारी, कोर्ट में होगी पेशी

​कार्रवाई के बाद आरोपी लिपिक को हिरासत में लेकर सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां निगरानी टीम उससे गहन पूछताछ कर रही है। विभाग के अनुसार, भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और इसी के तहत यह कार्रवाई की गई है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को पटना स्थित विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी के बाद मापतौल कार्यालय और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। सरकारी कार्यालयों में आम जनता से खुलेआम हो रही इस तरह की अवैध वसूली ने एक बार फिर सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पीड़ित व्यवसायी ने विजिलेंस की इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।