बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक निजी कोचिंग संस्थान के शिक्षक और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नगर मंत्री पर अपनी ही 16 वर्षीया नाबालिग छात्रा के साथ एक साल तक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।

​एक साल से दे रहा था झांसा

​पीड़िता बखरी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में 9वीं कक्षा की पढ़ाई करती है। उसी संस्थान में पढ़ाने वाले आरोपी शिक्षक सौरभ कुमार ने छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। आरोपी खाने-पीने की चीजों का लालच देकर बातचीत करता था और परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने व शादी का झांसा देकर पिछले एक साल से उसके साथ लगातार दुष्कर्म कर रहा था। 16 सितंबर को आरोपी ने बखरी डीएसपी आवास से महज 100 मीटर दूर झाड़ियों में इस घृणित वारदात को आखिरी बार अंजाम दिया।

​डिप्रेशन में आई पीड़िता, तब खुला राज

​घटना के बाद से नाबालिग काफी डरी-सहमी और मानसिक तनाव में रहने लगी थी। उसके व्यवहार में अचानक आए बदलाव और डिप्रेशन को देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब परिवार ने सख्ती से पूछताछ की, तो 17 सितंबर को पीड़िता ने आपबीती सुनाई। इसके बाद जब परिजन शिकायत लेकर आरोपी शिक्षक और कोचिंग संचालक के पास पहुंचे, तो उन्होंने मामले को सुलझाने के बजाय परिजनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

​पुलिस पर टालमटोल का आरोप और एसपी की एंट्री

​धमकी के बाद पीड़िता की मां 17 सितंबर की शाम बखरी थाना पहुंची और लिखित आवेदन दिया, लेकिन पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद आरोपी और उसके परिजनों ने केस न करने की गुहार लगाते हुए हाथ-पैर जोड़े। कोई सुनवाई न होने पर पीड़िता की मां ने 21 सितंबर को बेगूसराय के एसपी मनीष से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।
​एसपी के हस्तक्षेप के बाद बखरी थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोपी सौरभ कुमार लगातार दूसरी बार एबीवीपी का नगर मंत्री बना है और उसकी शादी आगामी 22 नवंबर को तय है, जिसके लिए टेंट, कैटरिंग और गाड़ियों की एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है। पुलिस ने पीड़िता का सदर अस्पताल में मेडिकल मु मुआयना कराया है और एफएसएल की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।