Begusarai Boat Accident: बिहार के बेगूसराय में बुधवार शाम गंगा नदी में एक बड़ा हादसा हो गया। दियारा इलाके से खेती और मवेशियों के लिए चारा लेकर लौट रहे किसानों और मजदूरों से भरी नाव बीच नदी में पलट गई। नाव पर करीब 35 लोग सवार थे, जबकि उसकी क्षमता इससे काफी कम बताई जा रही है।

दो युवती लापता, ज्यादातर लोग तैरकर निकले

हादसे के बाद जान बचाने के लिए नाव पर सवार लोगों ने नदी में छलांग लगा दी। ज्यादातर लोग किसी तरह तैरकर किनारे पहुंच गए, लेकिन दो नाबालिग बेहोशी की हालत में मिले। वहीं, दो लोग अब भी लापता हैं। उनकी तलाश में स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं।

यह घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा रजौली की है। हादसे में लापता लोगों की पहचान सोगारथ महतो (45) और हरदेव महतो की 12 वर्षीय बेटी रीना के रूप में हुई है। वहीं, राम उदगार महतो की बेटी पूनम (15) के रूप में हुई। वहीं, बिशो महतो के बेटे चंदन (16) को नदी किनारे बेहोशी की हालत में बरामद किया गया।

दियारा से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, चमथा रजौली पंचायत के ग्रामीण रोजाना की तरह बुधवार को भी दियारा इलाके में खेती करने गए थे। कुछ लोग खेतों में परवल रोपने तो कुछ मवेशियों के लिए चारा लाने पहुंचे थे। दिनभर काम करने के बाद शाम को सभी छोटी नाव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नाव बीच गंगा में डगमगाने लगी और देखते ही देखते पलट गई।

नाव पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए सभी नदी में कूद पड़े। किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन दो नाबालिगों के बेहोश मिलने और दो लोगों के लापता होने से चिंता बढ़ गई।

अंधेरा और कीचड़ बना तलाशी अभियान में बाधा

बताया जा रहा है कि हादसा मुख्य चमथा रजौली घाट से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बिचला दियारा के पास हुआ। इस इलाके में चारों तरफ पानी और कीचड़ होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। शाम होने के बाद अंधेरा बढ़ने से लापता लोगों की तलाश करना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही तेघड़ा के एसडीओ, डीएसपी, बछवाड़ा के सीओ और थानाध्यक्ष समेत पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है।

लापता युवतियों की तलाश जारी

तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि नाव पलटने से दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। उनकी तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों का पता लगाना है।

ये भी पढ़ें- Bihar Top News Today: MLC चुनाव के नतीजे घोषित, कहर बरसाएगा चक्रवात अर्नब, 4 लोगों की मौत