Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 26 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर……..

पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार की चौथी जीत

बिहार विधान परिषद चुनाव में जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के दिलीप पटेल को 3060 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। नीरज कुमार को कुल 18,185 वोट मिले, जबकि दिलीप पटेल को 15,125 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ नीरज कुमार ने पटना स्नातक सीट से लगातार चौथी बार जीत हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नीरज कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। नीतीश कुमार ने उन्हें जीत की बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पढ़ें पूरी खबर………….

मांझी ने राहुल गांधी को PM बनाने की पेशकश की!

बिहार समेत चार राज्यों में हुए MLC चुनाव में कांग्रेस का बुरा प्रदर्शन रहा है। चारों राज्य की 28 सीटों में से कांग्रेस ने 12 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से उसे सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के बुरे प्रदर्शन पर जीतन राम मांझी ने करारा तंज कसा है। मांझी ने तंज कसा है। मांझी ने सोशल मीडिया एक्स पर तंज कसते हुए लिखा, देश के चार बड़े राज्यों के 28 विधान परिषद सीटों पर बैलेट पेपर से हुए चुनाव को कांग्रेस पार्टी ने जीत लिया है। 0 सीटें जीतने के बाद कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी ने खरगे को निर्देश दिया है कि अविलंब राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाया जाए। साथ ही प्रियंका गांधी गृह मंत्री और रॉबर्ट वाड्रा वित्त मंत्री की कुर्सी पर बैठेंगें। आ रही है ना हंसी? पढ़ें पूरी खबर……………..

कैबिनेट बैठक में 43 एजेंडों पर लगी मुहर

बिहार सरकार ने राज्य के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण को गति देने के लिए एक अहम कदम उठाया है। हाल ही में संपन्न हुई कैबिनेट की उच्चस्तरीय बैठक में कुल 43 एजेंडों पर मुहर लगाई गई है। इस बैठक में राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने वाले कई प्रस्तावों को हरी झंडी दिखाई गई है, जिनमें औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और नई नीतियां शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर……………..

गोपालगंज में 25 साल के युवक की हत्या

गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के भागीपट्टी झील गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव राम-जानकी मंदिर के पास एक बगीचे में मिला। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतक युवक की पहचान भागीपट्टी झील गांव निवासी राजाराम राम के पुत्र आकाश भारती के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने इस सिलसिले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर………………….

लखीसराय में महिला की पीट-पीटकर हत्या

बिहार के लखीसराय जिले में मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना वीरुपुर थाना क्षेत्र के पाली गांव का है, जहां हरुहर नदी में मछली मारने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामूली विवाद मारपीट में तब्दील हो गई। मारपीट के दौरान 55 वर्षीय रामपति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं थी, जिनकी आज बुधवार की सुबह पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर………………………

ट्रक-टेंपो की टक्कर में 4 लोगों की मौत, कई घायल

बिहार के सारण (छपरा) जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा गांव के पास देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह टेंपो यात्रियों को लेकर छपरा से गड़खा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन भैंसमारा गांव के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। पढ़ें पूरी खबर……………..

बिहार में कहर बरसाएगा चक्रवात अर्नब, 13 जिलों में रेड अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब ने बिहार के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के मुताबिक इस चक्रवात के प्रभाव से राज्यभर में मौसम का कड़ा रुख देखने को मिलेगा। 28 अक्टूबर से शुरू हुआ बारिश, तेज हवा और वज्रपात का यह सिलसिला आगामी दिनों तक जारी रहने की आशंका है। विशेष तौर पर 29 और 30 अक्टूबर को इसका प्रभाव सबसे ज्यादा खतरनाक रहने वाला है। मौसम विभाग की चेतावनियों के अनुसार, बिहार में 28 अक्टूबर से लेकर 1 नवंबर तक लगातार बारिश होने की पूरी संभावना है। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में 40 से लेकर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम का सबसे खराब दौर 29 और 30 अक्टूबर को देखने को मिलेगा, जब कुछ विशेष इलाकों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही कई स्थानों पर आकाशीय बिजली यानी वज्रपात का भी भयंकर खतरा मंडरा रहा है। पढ़ें पूरी खबर……………….