Bihar MLC Election Results 2026: बिहार विधान परिषद (MLC) के 8 सीटों पर हुए चुनाव में से 7 सीटों का परिणाम सामने आ चुका है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सभी 4 सीटों पर इस बार नए प्रत्याशी चुनाव जीतकर विधान परिषद पहुंचे हैं। वहीं, स्नातक की चार सीटों में से तीन सीटों पर किसी भी नए प्रत्याशी को मौका नहीं मिला है। हालांकि अभी दरभंगा की स्नातक सीट पर मतगणना जारी है, जहां से फिलहाल भाजपा के सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं, जो मौजूदा एमएलसी भी हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का परिणाम
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद के डॉ. संजीव कुमार ने जीत हासिल की है। उन्होंने पांच चुनाव जीत चुके भाजपा के नवल किशोर यादव को मात दी है। डॉ. संजीव को 4487 और नवल किशोर यादव को 3430 वोट मिला। जबकि जनसुराज की दिव्या ज्योति को महज 1571 वोट मिले।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने जीत (Bihar MLC Election Results) हासिल कर सभी को चौंका दिया। सुरेश राय को कुल 7,495 वैध मतों में राय को कुल 4,088 मत प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस के मदन मोहन झा को मात दी, जो इस सीट से सिटिंग एमएलसी थे। वे वहीं, जदयू के घनश्याम राय को 862 मत मिले।
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। सीट से बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 2945 मत पाकर विजय प्राप्त की। इसके साथ ही एमएलसी चुनाव में एनडीए का खाता खुल गया है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 2351 मत पाकर निर्दलीय भूषण झा दूसरे नंबर पर रहे। वहीं, सीपीआई के संजय सिंह को 1967 मत प्राप्त हुए हैं।
बिहार एमएलसी चुनाव में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जीत हासिल की है। द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती के बाद राहुल राज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनडीए के आनंद पुष्कर को 1815 वोटों से मात दी है। जीत के बाद उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। बता दें कि राहुल राज बीजेपी से बागी होकर सारण शिक्षक सीट पर चुनाव लड़ा था। राहुल राज को कुल वोट 4,965 मिले। वहीं, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जदयू के आनंद पुष्कर को 3,150 मत मिले।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों का परिणाम
तिरहुत स्नातक सीट के लिए हुए मतदान (Bihar MLC Election Results) में निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर ब्रजवासी को कुल 31,832 वोट मिले। वहीं, उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी जदयू के अभिषेक झा को 22,685 वोट मिले। इस तरह वंशीधर ब्रजवासी ने 9,147 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अपनी सीट पर कब्जा बरकरार रखा। 9,147 वोटों से ब्रजवासी की बड़ी जीत पर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। लोग एक-दूसरे को बधाई देकर और अबीर-गुलाल उड़ाकर वंशीधर ब्रजवासी के फिर से एमएलसी बनने का जश्न मना रहे हैं।
बिहार एमएलसी चुनाव की सबसे चर्चीत सीट रही पटना स्नातक सीट पर जदूय के नीरज कुमार ने लगातार चौथी बार जीत हासिल की है। नीरज कुमार को कुल 18,185 वोट मिले, जबकि राजद के दिलीप पटेल को 15,125 वोट प्राप्त हुए। इसके साथ ही नीरज कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के दिलीप पटेल को 3060 वोटों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
कोसी स्नातक सीट से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत का परचम लहराया है। दूसरी वरीयता प्राप्त मतों की गिनती के आधार पर उन्होंने कोसी MLC चुनाव में जीत की हैट्रिक बनाई है। डॉ. एनके यादव ने रिकॉर्ड 10,026 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के नीतेश कुमार को मात दी। प्रथम वरीयता के 11 राउंड तक चले गिनती में उन्हें 24,258 मत मिले, जबकि राजद के नितेश कुमार को 18,918 मत मिले, जबकि पहली बार चुनाव लड़ रहे जन सुराज के रजनीश रंजन 16264 लाकर तीसरे स्थान पर रहे।
कुल मिलाकर बिहार के इस MLC चुनाव (Bihar MLC Election Results) में जहां बीजेपी 2 सीटों पर कब्जा करने में सफल रही। वहीं, राजद, जदयू और जन सुराज ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की। जबकि तिरहुत स्नातक और सारण की शिक्षक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। वहीं, दरभंगा स्नताक सीट के परिणाम के लिए अभी भी मतगणना जारी है। वहां से बीजेपी के सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ‘राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाया जाए’, MLC चुनाव परिणाम के बीच जीतन राम मांझी ने ली चुटकी

