Bihar News: बिहार समेत चार राज्यों में हुए MLC चुनाव में कांग्रेस का बुरा प्रदर्शन रहा है। चारों राज्य की 28 सीटों में से कांग्रेस ने 12 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से उसे सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। सबसे बड़ी बात यह है कि कांग्रेस बिहार में दरभंगा शिक्षक सीट भी अपनी नहीं बचा सकी है। दरभंगा शिक्षक सीट से मदन मोहन झा को हार का सामना करना पड़ा है। इस सीट से जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय ने उन्हें 324 वोटों से हराया है। कांग्रेस के बुरे प्रदर्शन पर जीतन राम मांझी ने करारा तंज कसा है।

राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाया जाए- मांझी

कांग्रेस के इस बुरे प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तंज कसा है। मांझी ने सोशल मीडिया एक्स पर तंज कसते हुए लिखा, देश के चार बड़े राज्यों के 28 विधान परिषद सीटों पर बैलेट पेपर से हुए चुनाव को कांग्रेस पार्टी ने जीत लिया है। 0 सीटें जीतने के बाद कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी ने खरगे को निर्देश दिया है कि अविलंब राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाया जाए। साथ ही प्रियंका गांधी गृह मंत्री और रॉबर्ट वाड्रा वित्त मंत्री की कुर्सी पर बैठेंगें। आ रही है ना हंसी?

मांझी ने आगे कहा कि, ऐसी ही हंसी तब मुझे आती है जब चुनाव हारने के बाद कांग्रेसी हार का ठीकरा EVM पर फोडतें हैं। अरे भाई आप बैलेट पेपर से चुनाव कराए या EVM से,जब जनता ने नकार दिया है तो फिर कोई आपको स्वीकार नहीं कर सकता।

ललन सिंह ने भी साधा कांग्रेस पर निशाना

जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, देश के 4 राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आए दिन ईवीएम और ‘वोट चोरी’ का तमाशा करते रहते हैं, लेकिन बैलेट पेपर से हुए इन चुनावों में भी कांग्रेस को जीत नसीब नहीं हुई।

ललन सिंह ने कहा कि, जिस कर्नाटक में उनकी पार्टी सत्ता में है, वहां भी उनका सूपड़ा साफ हो गया है और एनडीए ने शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस के नेता आए दिन पीएम मोदी के लिए अभद्र और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल करते रहते हैं। कांग्रेस और उनके नेताओं को इस हार से सीख लेनी चाहिए, नहीं तो जनता उन्हें जड़ से साफ कर देगी। देश एनडीए के साथ है और इस चुनाव के नतीजों ने इस बात को और पुख्ता कर दिया है।

चुनाव आयोग को लेकर लगातार हमलावर है कांग्रेस

गौरतलब है कि इन दिनों चुनाव आयोग, ईवीएम और एसआईआर को लेकर कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष इन दिनों लगातार प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। वहीं, अब जब एमएलसी चुनाव में बैलेट पेपर से चुनाव हुआ और फिर भी चार राज्यों में कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी को जब 0 सीट मिली है, तब भाजपा और एनडीए के नेता कांग्रेस पर हमलावर नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar MLC Result: दरभंगा स्नातक सीट पर BJP के सर्वेश कुमार 1184 वोट से आगे, जदयू को बड़ा झटका