अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र के भागीपट्टी झील गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव राम-जानकी मंदिर के पास एक बगीचे में मिला। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतक युवक की पहचान भागीपट्टी झील गांव निवासी राजाराम राम के पुत्र आकाश भारती के रूप में हुई है।
घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने इस सिलसिले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
मटन पार्टी के दौरान विवाद की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश मंगलवार की शाम कटेया थाना क्षेत्र के ही सहजनवां गांव स्थित अपने मामा के घर गया था और देर शाम वापस लौट आया था। पुलिस को घटनास्थल के पास से दावत या पार्टी होने के पुख्ता सबूत मिले हैं। मौके से चावल, मटन और एक जग बरामद किया गया है। पुलिस और स्थानीय लोगों की शुरुआती आशंका के मुताबिक, पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ होगा, जिसके बाद उग्र होकर बदमाशों ने युवक के सिर पर किसी भारी चीज से गंभीर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
प्रेम प्रसंग के एंगल पर भी पुलिस की पैनी नजर
हत्या के इस मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया पुलिस को प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की भी आशंका है। इसी संभावित बिंदु और घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ जारी है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की अभी तक किसी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पार्टी में शामिल अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान करने में जुटी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
घटनास्थल पर खून से सने चप्पल जब्त
घटना की सूचना मिलते ही कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। घटनास्थल से पुलिस ने एक महिला और एक युवक के खून से सने चप्पल बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए हैं।
फिलहाल, पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए हरसंभव एंगल पर तेजी से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- कैमूर में ठेकेदार पर चाकू से हमला, मजदूरी के 35 हजार रुपये छीनकर फरार हुए आरोपी

