प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले में छिनतई की नीयत से एक ठेकेदार ( मकान निर्माण) पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दतियांव गांव में मंदिर के पास बैठे दो युवकों ने ठेकेदार पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान ठेकेदार को शरीर पर चार जगह चाकू लगे, जिसके बाद आरोपित कथित तौर पर उनके पास मौजूद 35 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल ठेकेदार को परिजनों ने आनन-फानन में भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देख-रेख में उनका इलाज जारी है। घटना के संबंध में पीड़ित ने भभुआ थाने में दो लोगों के खिलाफ नामजद आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं पुलिस मामले की जांच और कार्रवाई में जुट गई है।
घायल युवक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के कबार गांव निवासी सिपाही पासवान के पुत्र दिवाकर पासवान के रूप में हुई है। पीड़ित ने बताया कि वह मकान निर्माण का ठेका लेकर काम कराते हैं। उन्हें अपने यहां काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी का पैसा देना था। इसी सिलसिले में वह बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे अपने गांव से 35 हजार रुपये लेकर निकले थे।
बताया जाता है कि जैसे ही वह दतियांव गांव पहुंचे तभी वहां मंदिर के पास बैठे राहुल और सोनू पासवान ने अचानक उनपर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडे और चाकू से उनपर वार किया। इस हमले में उनके शरीर पर चार जगह चाकू लगे हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित ठेकेदार ने आरोप लगाया कि हमला करने के बाद दोनों व्यक्ति उनके पास मौजूद 35 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। वहीं, घायल अवस्था में सड़क पर पड़े ठेकेदार की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित ने बताया कि मजदूरों को भुगतान करने के लिए वह रुपये लेकर जा रहे थे, तभी उनके साथ यह घटना हुई। घटना के बाद उन्होंने भभुआ थाने पहुंचकर दोनों आरोपितों के खिलाफ नामजद आवेदन देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में भभुआ थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दतियांव गांव में एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली है। पीड़ित की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या, परिजनों में कोहराम

