Bihar Crime: बिहार के लखीसराय जिले में मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना वीरुपुर थाना क्षेत्र के पाली गांव का है, जहां हरुहर नदी में मछली मारने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामूली विवाद मारपीट में तब्दील हो गई। मारपीट के दौरान 55 वर्षीय रामपति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं थी, जिनकी आज बुधवार की सुबह पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई।

परिजनों में मातम का माहौल

रामपति देवी के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में मातम का माहौल छा गया। वहीं, आसपास के इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि कल मंगलवार को हरुहर नदी में मछली पकड़ने के दौरान स्थानीय साहू साहनी और सूरज साहनी के बीच विवाद शुरू हुआ था। धीरे-धीरे बात बढ़ती गई और दोनों के परिवार वाले एक-दूसरे के सामने आ गए। इस दौरान हुए मारपीट में पाली गांव निवासी साहू साहनी की पत्नी रामपति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

इलाज के दौरान हुई मौत

गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें पटना के अस्पताल लेकर पहुंचे और डॉक्टर की निगरानी में वहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन आज बुधवार की सुबह उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन उनका शव लेकर गांव पहुंचे।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची वीरुपुर थाने की पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वीरुपुर थानाध्यक्ष ने घटना के संबंध में बताया कि मारपीट की घटना को लेकर कल मंगलावर को थाने में एक आवेदन मिला था, जिसकी जांच की जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े व आसपास के लोगों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- अनियंत्रित ट्रक और टेंपो की भीषण टक्कर में चार की मौत, मासूम बच्ची समेत चार जिंदगियां खत्म