पंकज श्रीवास्तव, छपरा। ​बिहार के सारण (छपरा) जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा गांव के पास देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

भैंसमारा के पास हुआ हादसा

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह टेंपो यात्रियों को लेकर छपरा से गड़खा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन भैंसमारा गांव के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए गए।

​मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल

​इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार राम की 26 वर्षीय पत्नी अनु कुमारी, भगवान बाजार थाना क्षेत्र के कटरा निवासी भोला प्रसाद के 15 वर्षीय पुत्र अमन कुमार, भगवान बाजार थाना क्षेत्र के रतनपुरा स्थित आशुतोष लेन निवासी सुरेंद्र प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार तथा 9 महीने की मासूम बच्ची निशु कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा विशाल कुमार राम और एक अन्य बच्ची समेत कई अन्य लोग इस दुर्घटना में घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

​पुलिसकर्मी की तत्परता से बची कई जानें

​हाइवे पर हुए इस भीषण हादसे के दौरान वहां से डायल 112 की पुलिस गाड़ी गुजर रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी अंकित कुमार सिंह ने अद्भुत तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों समेत सभी गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए भैंसमारा स्थित श्रीनिवास अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी इस कार्रवाई और मानवता की हर तरफ सराहना हो रही है। वर्तमान में घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

​इलाके में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी

​दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचाते हुए पुलिसकर्मी अंकित कुमार सिंह का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी मानवीय भूमिका की लोग चर्चा कर रहे हैं। इस दुखद घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है। फिलहाल, गड़खा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला है और फरार ट्रक तथा चालक की तलाश के लिए मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।