बेगूसराय। जिले के चकिया थाना क्षेत्र में हुए सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी समेत दो और अपराधियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य फरार आरोपी पर शिकंजा कसते हुए उसके घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तेहार चस्पा कर दिया गया है।
SIT और DIU की संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने कुल 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था जिनमें 3 नामजद और 2 अज्ञात शामिल थे। SIT और DIU की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया और दो और आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए मुख्य आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सिमरिया घाट निवासी मुख्य आरोपी रामू महतो उर्फ रामबाबू सहनी (30) और शाम्हो थाना क्षेत्र के झगड़ाहा जगनसैदपुर निवासी सोली बिन्द उर्फ सोलिया उर्फ सोनू (25) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इससे पहले पुलिस ने फरीदाबाद और बेगूसराय के दियारा इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
फरार आरोपी पर चला इश्तेहार का हंटर
पुलिस ने मामले के एक और मुख्य आरोपी सूरज महतो की गिरफ्तारी के लिए कड़ा रुख अपनाया है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के गांव में पहुंचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। इसके बाद आरोपी के घर पर कुर्की-जब्ती की चेतावनी के साथ इश्तेहार चिपका दिया गया है।
एसपी मनीष ने स्पष्ट किया है कि पुलिस के पास इन सभी आरोपियों के खिलाफ पुख्ता वैज्ञानिक और तकनीकी सबूत मौजूद हैं। बाकी बचे आरोपियों की धरपकड़ के लिए भी छापेमारी तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द ही कानून के दायरे में लाया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा है और पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

