बेगूसराय। नगर थाना क्षेत्र के तिलक नगर मोहल्ले में बुधवार को एचडीएफसी बैंक के लोन रिकवरी एजेंट ऋतिक रोशन (24) ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा जहां ऋतिक का शव फंदे से लटकता मिला।
हंसमुख था ऋतिक, मलमास के बाद होनी थी सगाई
मृतक ऋतिक रोशन मुरलीधर सिन्हा का इकलौता पुत्र था। परिजनों के अनुसार ऋतिक का स्वभाव बेहद हंसमुख था और वह अपने काम में कुशल था। परिवार ने बताया कि ऋतिक की शादी की तैयारियां चल रही थीं और मलमास के बाद उसकी सगाई तय थी। इस अचानक हुई घटना से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों ने स्पष्ट किया कि उन्हें ऋतिक के किसी भी प्रकार के डिप्रेशन या किसी से विवाद की कोई जानकारी नहीं थी।
नहीं उठा फोन, अगली सुबह मिली मौत की खबर
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक की सहकर्मी और प्रेमिका ने बताया कि वे दोनों एक ही बैंक में कार्यरत थे और रोजाना फोन पर उनकी लंबी बात होती थी। प्रेमिका ने बताया बुधवार रात भी मैंने उसे कई बार फोन किया लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। मुझे लगा कि वह सो गया होगा लेकिन सुबह जब उसकी मौत की सूचना मिली तो मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस और FSL की जांच जारी
सुबह 10:30 बजे तक जब ऋतिक कमरे से बाहर नहीं आया तो मां ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। युवक ने चादर के फंदे का उपयोग कर अपनी जान दी थी। घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है फिलहाल मामला रहस्य बना हुआ है।

