सोहराब आलम/मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की कार से भारी मात्रा में नगदी बरामद की है। पुलिस ने कार की डिग्गी से कुल 24 लाख 91 हजार 300 रुपये जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले को ड्रग्स तस्करी के एंगल से जोड़कर जांच कर रही है।
खुफिया इनपुट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना से एक सफेद रंग की कार में कुछ लोग भारी मात्रा में कैश लेकर मोतिहारी के रास्ते कहीं जा रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरकौलिया थाना पुलिस ने निमुइया के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से नोटों के बंडल देख पुलिस भी दंग रह गई। गिनती करने पर कुल 24,91,300 रुपये बरामद हुए।
नेपाल कनेक्शन और संदिग्धों की पहचान
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए चार लोगों की पहचान कर ली गई है। इनमें से दो व्यक्ति कृष्णा सहानी और सुभाष कुमार इसी जिले (पूर्वी चंपारण) के रहने वाले हैं। वहीं, अन्य दो आरोपियों की पहचान दीपेश कुमार और प्रज्वल सहानी के रूप में हुई है, जो पड़ोसी देश नेपाल के नागरिक बताए जा रहे हैं।
ड्रग्स तस्करी का है अंदेशा
पूछताछ के दौरान पुलिस को यह संदेह है कि यह पैसा सामान्य व्यापार का नहीं बल्कि मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी से जुड़ा हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच में हिरासत में लिए गए कृष्णा सहानी की संलिप्तता और नेटवर्क काफी संदिग्ध नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस की टीम इन चारों आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुट गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यह गैंग लंबे समय से सक्रिय हो सकता है और इस जब्ती के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचना आसान होगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इतनी बड़ी रकम आखिर कहां से लाई गई थी और किसे पहुंचाई जानी थी। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।

