बेगूसराय। मृतक बादल कुमार गांव की ही एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था। उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर उस लड़की की तस्वीर शेयर करते हुए प्यार का इजहार किया था। लड़की के पिता रामचंदर तांती और उनके परिवार ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई थी।
मृतक के पिता शिव कुमार पासवान के मुताबिक, लड़की पक्ष की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। विवाद बढ़ने पर मामला पंचायत में पहुंचा, जहां बादल ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और वह फोटो डिलीट कर दी गई थी। पंचायत में मामला सुलझने के बाद भी रंजिश जारी रहने की आशंका जताई जा रही है।
दोस्त को बस स्टैंड छोड़ने गया था युवक
शिव कुमार पासवान ने बताया कि घटना की शाम फरदी गांव का रहने वाला बादल का दोस्त राम इकबाल उनके घर आया था। देर शाम वह अपने घर जाने के लिए निकला और बादल को बलिया बस स्टैंड तक छोड़ने के लिए साथ ले गया। बादल अपनी साइकिल से उसे छोड़ने गया था।
देर रात तक जब बादल घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया। शुरुआती दो-तीन बार घंटी बजने के बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके कुछ देर बाद ग्रामीणों ने गुप्ता-लखमीनिया बांध के पास कटहा पुल के पास बादल का शव देखा और परिवार को सूचना दी।
हत्या या हादसा? परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
शिवहर में तैनात होमगार्ड जवान पिता को घटना की सूचना रात करीब 10 बजे मिली, जिसके बाद वे तुरंत घर के लिए रवाना हुए। पिता ने इसे पूरी तरह से सुनियोजित हत्या करार दिया है।
- शरीर पर अन्य निशान नहीं: पिता का कहना है कि बादल के सिर पर 2 इंच गहरा और 6 इंच लंबा गंभीर जख्म है, लेकिन शरीर पर अन्य कोई खरोंच या चोट के निशान नहीं हैं। यदि यह कोई सड़क हादसा होता, तो शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी चोट के निशान अवश्य होते।
- दोस्त और मोबाइल गायब: बादल के साथ गया उसका दोस्त राम इकबाल भी घटना के बाद से गायब है और उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा, बादल का मोबाइल फोन भी गायब है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद थाने में औपचारिक लिखित आवेदन दिया जाएगा। मृतक बादल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़कर खेती-किसानी में हाथ बंटाता था।


