पटना। ​राजधानी पटना में सुरक्षा और प्रशासनिक लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले इलाके में एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। जनता दल यूनाइटेड कार्यालय के ठीक बगल में स्थित मिलर ग्राउंड के पास मंगलवार को एक शख्स का शव बरामद किया गया। यह इलाका काफी रिहायशी और वीआईपी माना जाता है, जहां एक ओर प्रमुख राजनीतिक दल का दफ्तर है, तो दूसरी तरफ स्कूल और जजों के आवास भी मौजूद हैं। ऐसे हाई-सिक्योरिटी जोन के नजदीक शव मिलने से स्थानीय लोगों और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

​डिलीवरी बॉय का काम करता था मृतक

​मृतक की पहचान 34 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इतवारपुर का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, सन्नी दोनों पैरों से दिव्यांग था और उसके पैरों में ऑपरेशन के जरिए रॉड लगी हुई थी। अपनी शारीरिक अक्षमता के बावजूद वह आत्मनिर्भर था और गुजारा चलाने के लिए जोमैटो और स्विगी जैसी कंपनियों में डिलीवरी बॉय का काम करता था।

​संदिग्ध अवस्था में मिला शव और गायब सामान

​घटनास्थल पर जब पुलिस और स्थानीय लोगों ने शव को देखा, तो उसकी स्थिति काफी रहस्यमयी थी। सन्नी ने शर्ट-पैंट के साथ सिर पर हेलमेट भी पहन रखा था, और उसके हाथ में एक झोला भी था। हालांकि, मौके पर उसकी स्कूटी या वाहन का कोई अता-पता नहीं था। उसके नाक से खून और मुंह से सफेद झाग निकल रहा था, जिससे जहरखुरानी या किसी अन्य गंभीर साजिश की आशंका जताई जा रही है।

​रात भर घर नहीं लौटने पर शुरू हुई थी तलाश

​मृतक के भाई अभिषेक कुमार ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सन्नी अमूमन रात के 12 बजे तक अपना काम खत्म करके घर वापस लौट आता था। लेकिन, सोमवार की रात वह घर नहीं पहुंचा। परिवार वालों को लगा कि शायद काम में व्यस्त होगा। हालांकि, जब मंगलवार की सुबह परिवार के लोग उठे और सन्नी को बिस्तर पर नहीं पाया, तो उनकी चिंता बढ़ गई।
​परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में तलाशने के साथ-साथ उसके दोस्तों और परिचितों से भी फोन पर पूछताछ की गई, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। कुछ ही देर बाद परिवार को सन्नी की मौत की मनहूस खबर मिल गई।

​स्कूटी और मोबाइल फोन गायब

​परिजनों ने सबसे बड़ा सवाल यह उठाया है कि सन्नी डिलीवरी का काम अपनी स्कूटी से करता था और हमेशा मोबाइल अपने साथ रखता था, लेकिन घटनास्थल पर न तो उसकी स्कूटी मिली और न ही उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ। इससे यह आशंका गहरी हो रही है कि किसी ने लूटपाट के इरादे से या फिर सोची-समझी साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी है और वाहन व फोन लेकर फरार हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पूरे मामले की जांच में जुट गई है।