अजय शास्त्री, बेगूसराय। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बीते शनिवार की देर शाम एक दूध विक्रेता की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल बना हुआ है। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख गांव निवासी सत्यनारायण यादव के 45 वर्षीय पुत्र विनोद यादव के रूप में की गई है।
ड्रम में दूध लेकर जा रहा था विक्रेता
मिली जानकारी के अनुसार, विनोद यादव रोजाना की तरह अपने ड्रम में दूध भरकर आपूर्ति करने के लिए बेगूसराय जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और कनपटी में सटाकर दो गोलियां दाग दीं। इस निर्मम हमले में दूध विक्रेता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
अवैध शराब की मुखबिरी और पुरानी रंजिश पर शक
घटना के पीछे की मुख्य वजह अभी खुलकर सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती जांच और चर्चाओं के आधार पर पुलिस इसे अवैध शराब के कारोबार की मुखबिरी का शक मान रही है। इसके अलावा, पुरानी रंजिश के एंगल से भी पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर देर रात ही पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। इस गंभीर मामले की सुगबुगाहट मिलते ही एसपी मनीष ने भी खुद घटनास्थल का मुआयना किया और स्थिति की जानकारी ली।
परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम
रविवार को जब पोस्टमार्टम के बाद विनोद यादव का शव उनके पैतृक गांव लाया जा रहा था तो आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। न्याय की मांग और पुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों ने राजोड़ा चौक के पास शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पुलिस की सूझबूझ से हटा जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया। इसके बाद जाम को हटाया गया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया गया। फिलहाल, पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर मिथ को सुलझाने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


