अजय शास्त्री/बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में एक नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप की शर्मनाक वारदात सामने आई है। इस मामले में मंसूरचक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

​क्या है पूरा मामला?

​घटना 21 मई की सुबह करीब 3 बजे की है। पीड़िता अपने एक दोस्त के साथ सड़क पर दौड़ (मॉर्निंग वॉक) लगा रही थी। इसी दौरान एक कार में सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में छात्रा को जबरन गाड़ी में खींच लिया और वहां से फरार हो गए। आरोपी छात्रा को भट्ठा चौक स्थित सब्जी गद्दी के पीछे एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उसके साथ गैंगरेप की दरिंदगी को अंजाम दिया गया।

​परिजनों को दी जानकारी, दर्ज हुआ केस

​घटना के बाद पीड़िता काफी डर गई थी। 24 मई को जब पीड़िता के पिता घर लौटे, तो छात्रा ने आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने मंसूरचक थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के परिजनों ने हवासपुर निवासी हरेराम महतो के पुत्र सुशील कुमार उर्फ नटवरलाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला दर्ज होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए तेघड़ा एसडीपीओ कृष्ण कुमार और एसपी मनीष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस को सख्त निर्देश दिए। मंसूरचक थानाध्यक्ष गोविंद पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई आल्टो कार को जब्त कर लिया है और चालक संदीप महतो के साथ मुख्य आरोपी सुशील कुमार उर्फ नटवरलाल को गिरफ्तार कर लिया है।

​डीएसपी ने दी जानकारी

​मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण करा लिया गया है। पुलिस ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, लेकिन पुलिस की तत्परता से दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।