अजय कुमार शास्त्री, बेगूसराय। जिले के बखरी थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां के लिखित आवेदन पर बखरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
नाबालिग छात्रा की मां ने दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को नाबालिग छात्रा की मां ने बखरी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री के साथ कोचिंग में पढ़ाने वाले युवक सौरभ कुमार ने शारीरिक शोषण किया है। आवेदन के मुताबिक, पीड़िता बखरी स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करती थी। इसी कोचिंग में पढ़ाने वाला आरोपी सौरभ कुमार पिछले करीब एक वर्ष से मोबाइल फोन पर पीड़िता से बातचीत कर रहा था।
बहला-फुसलाकर संबंध बनाने का आरोप
आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अनमंडल गेस्ट हाउस के पास स्थित पीपल पेड़ के समीप बुलाया और उसके साथ दो बार शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद छात्रा के परेशान रहने पर परिजनों ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आई।
पीड़िता की मां का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में आरोपी युवक और कोचिंग संचालक से बातचीत की, तो दोनों की ओर से उन्हें धमकी दी गई। इसके बाद पीड़िता की मां ने बखरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए महिला पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में सदर अस्पताल, बेगूसराय भेजा है। साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बखरी थाना कांड संख्या 362/26, दिनांक 22 सितंबर 2026 के तहत बीएनएसओ की धारा 65(1)/3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एबीवीपी नगर महामंत्री रह चुका है आरोपी
गौरतलब है कि आरोपी सौरभ कुमार पूर्व में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बेगूसराय जिले में नगर महामंत्री के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। हालांकि, वर्तमान मामले में उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
ये भी पढ़ें- भागलपुर में जमीन के नीचे दफन अज्ञात लाश मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस



