अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले के इशाकचक थाना क्षेत्र के बरहपुरा स्थित जगन्नाथ बाड़ी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डॉ. महशरुल कलाम उर्फ बाबुल की बाउंड्री के समीप जमीन के नीचे एक व्यक्ति की दफन लाश बरामद हुई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार, बाउंड्री के पास ताजी मिट्टी खुदी होने और दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ, जिसके बाद सूचना मिलते ही इशाकचक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
जिलाधिकारी की मौजूदगी में गड्ढे की खुदाई कर शव को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की विशेष टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव के साथ आस-पास की मिट्टी से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि, शव यहां कब और किन परिस्थितियों में दफन किया गया।
कहीं और से शव लाकर दफनाएं जाने की आशंका
इसके साथ ही पुलिस आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। साथ ही जिले और आस-पास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि, शव कहीं और से लाकर यहां दफन किया गया हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि, मामले की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें- ‘एकदम निर्लज्ज हो गए हैं’, मांझी के बयान पर भड़के IP गुप्ता, बोले- यादव मुंह में गोबर ठूंसकर…



